शहर

रांची के डोल मेले में बेकाबू कार भीड़ में घुसी; दो की मौत, 8 अन्य घायल

रांची के टाटीसिल्वे इलाके में डोल मेले के दौरान एक तेज रफ्तार कार के भीड़ में घुसने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और चालक कार छोड़कर फरार हो गया।

Image

रांची में डोल मेले के दौरान तेज रफ्तार कार भीड़ में घुसी

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Ranchi Car Accident: झारखंड की राजधानी रांची के टाटीसिल्वे क्षेत्र में शनिवार को लगे डोल मेले के दौरान एक तेज रफ्तार कार के भीड़ में घुस जाने से हड़कंप मच गया। इस हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि करीब आठ अन्य लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार काफी तेज गति से आ रही थी और अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद वह सीधे मेले में मौजूद लोगों से टकरा गई।

बताया जा रहा है कि, घटना के बाद मौके पर अफरातफरी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे तथा घायलों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक कुछ घायलों की हालत गंभीर है। हादसे के बाद चालक कार को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि वाहन का पंजीकरण नंबर जमशेदपुर का है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

जामताड़ा में 3 लोग कुएं में मृत पाए गए

वहीं, जामताड़ा जिले में शनिवार को एक कुएं से पश्चिम बंगाल के एक व्यक्ति और उसके दो बच्चों के शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। इस संबंध में पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, बागडेहरी थाना क्षेत्र के मुदाबेरिया आश्रम परिसर स्थित कुएं से तीनों शव निकाले गए। मृतक की पहचान 50 वर्षीय लक्ष्मण मुर्मू के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के मुर्गथली गांव के रहने वाले थे।

अधिकारी के अनुसार मृतक की बेटी की उम्र करीब सात वर्ष और बेटे की उम्र लगभग 11 वर्ष थी। नाला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) मेजर कुमार ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पश्चिम बंगाल के मूल निवासी इस व्यक्ति ने पहली पत्नी के निधन के बाद दूसरी शादी की थी। मामले को लेकर पुलिस ने जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article