UP Assembly: उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन आज यानी मंगलवार 4 अगस्त को अयोध्या राम मंदिर चंदे में कथित चोरी के मुद्दे पर जमकर हंगामा हुआ। समाजवादी पार्टी (SP) के सदस्यों ने इस मामले पर चर्चा की मांग करते हुए सदन के वेल में पहुंचकर नारेबाजी की। हंगामे के कारण विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12:20 बजे तक स्थगित कर दी। इससे प्रश्नकाल भी बाधित हुआ।
सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे जैसे ही शुरू हुई नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने राम मंदिर चंदे में कथित चोरी के मुद्दे पर चर्चा कराने की मांग की। उन्होंने इसे आस्था से जुड़ा विषय बताते हुए सरकार से इस पर सदन में चर्चा की मांग की। विधानसभा अध्यक्ष ने चर्चा की अनुमति नहीं दी, जिसके बाद सपा सदस्य वेल में आ गए और राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष ने प्रदर्शन कर रहे सदस्यों से कहा कि यदि उन्होंने मंदिर निर्माण के लिए कोई राशि दान की है तो उसकी रसीद प्रस्तुत करें। वहीं, संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने सपा पर पलटवार करते हुए उसके शासनकाल में कारसेवकों पर हुई गोलीबारी का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा का लोगों की आस्था से कोई संबंध नहीं रहा है।
अनुपूरक बजट पर सरकार की तैयारी
विधानसभा में हंगामे के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता की। सरकार मानसून सत्र के दौरान आज ही अनुपूरक बजट पेश करने की तैयारी में है। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि अनुपूरक बजट का मकसद पहले से चल रही योजनाओं को पूरा करना और जनहित से जुड़े जरूरी कार्यों के लिए अतिरिक्त धन उपलब्ध कराना है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि बजट से राज्य में विकास कार्यों की गति और तेज होगी। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के मुताबिक, बजट पेश होने के बाद शुरू की गई योजनाओं और ऐसे खर्चों के लिए अतिरिक्त धन की जरूरत होने पर अनुपूरक बजट लाया जाता है।
6 अगस्त तक चलेगा मानसून सत्र
उत्तर प्रदेश विधानसभा का चार दिवसीय मानसून सत्र कल यानी सोमवार 3 अगस्त से शुरू हुआ है और 6 अगस्त तक चलेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सत्र के दौरान गरीबों, युवाओं, किसानों और महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा का आह्वान किया है। सरकार की तरफ से अनुपूरक बजट को विकास और जनहित की योजनाओं को आगे बढ़ाने से जोड़कर देखा जा रहा है।
उधर, विपक्ष की ओर से राम मंदिर चंदा चोरी सहित अन्य मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति अपनाई गई है। ऐसे में विधानसभा की कार्यवाही के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव और बढ़ने के आसार हैं।
