Regime Change: ऑपरेशन रिजीम की चर्चा पूरे देश में हो रही है। विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने भी वाराणसी में 'ऑपरेशन रिजीम चेंज' की चर्चाओं पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जो लोग सोच रहे हैं कि भारत में भी नेपाल, श्रीलंका और बांग्लादेश जैसी स्थिति बनेगी, वो बड़ी गलतफहमी में हैं।
आलोक कुमार ने कहा, "देश में लोकतंत्र की जड़ें बहुत गहरी हैं। कुछ लोगों को लगता है कि भीड़ आएगी, प्रधानमंत्री आवास को घेर लेगी और पीएम मोदी को देश छोड़कर जाना पड़ेगा, ये सपना देखना बंद कर देना चाहिए।"
राहुल गांधी पर तीखा हमला
वीएचपी अध्यक्ष ने राहुल गांधी के वोट चोरी वाले आरोपों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल ये नहीं बताते कि केरल और तमिलनाडु में वोट चोरी हुई या नहीं? ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में 2024 का चुनाव नहीं हुआ। कांग्रेस विधानसभा के 56 चुनाव हारी है, तब ना ज्ञानेश कुमार थे, ना एसआईआर था। एसआईआर से पहले भी कांग्रेस हारती रही है। अब हार का ठीकरा अंपायर पर फोड़ रहे हैं।"
संसद में PM से डिबेट करें राहुल गांधी
राहुल के डिबेट चैलेंज पर उन्होंने कहा कि राहुल की भाषा और पप्पूपन सब जानते हैं। अगर गंभीर हैं तो संसद में चर्चा कर लें। विपक्ष उन्हें मॉक प्राइम मिनिस्टर बना ले, हमें कोई आपत्ति नहीं। राहुल वो प्रोडक्ट हैं, जो फेल हो चुके हैं, हर बार उन्हें लॉन्च किया जाता है।
समर्थकों में हवा भर रहे हैं अखिलेश
आलोक कुमार ने कहा कि अखिलेश यादव अपने समर्थकों में हवा बनाने की कोशिश कर रहे हैं, विपक्ष की एकजुटता तो तब सामने आएगी जब टिकटों का बंटवारा होगा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: पवन खेड़ा ने सरकार पर कसा तंज, बोले- चुनाव से होगा रिजीम चेंज
हिंदुत्व से जुड़े मुद्दों पर हुई चर्चा
वाराणसी में आयोजित संस्कृति संसद में भाग लेने पहुंचे आलोक कुमार ने हिंदुओं से एकजुट रहने की अपील की। उन्होंने बताया कि हिंदू समाज के सामने अपनी संस्कृति और धर्म के प्रचार-प्रसार करना जरूरी है। यही कारण है कि देशभर के 1400 संत काशी पहुंचे हैं। इसमें घर वापसी, धर्मांतरण और धर्म ग्रंथों में प्रक्षिप्त अंश को हटाने पर विचार किया गया है।
