शहर

Greater Noida News: जेवर एयरपोर्ट तक पहुंचाएगी DTC! रोज 70-80 फेरे लगाएंगी दिल्ली की बसें

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या बढ़ाने और यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी देने के लिए दिल्ली से जेवर एयरपोर्ट तक DTC बस सेवा शुरू की जा सकती है। सब कुछ ठीक रहा तो DTC रोजाना 70-80 ट्रिप चलाने पर विचार कर रहा है।

Image

जेवर एयरपोर्ट तक चलेंगी DTC बसें

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NIA) पर यात्रियों की संख्या बढ़ाने और दिल्ली-NCR से कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया जा सकता है। दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों से जेवर एयरपोर्ट तक दिल्ली परिवहन निगम (DTC) बस सेवा शुरू करने का प्रस्ताव विचाराधीन है। DTC के अनुसार वह एयरपोर्ट से रोजाना 70 से 80 बस ट्रिप संचालित करने की तैयारी में है। हालांकि, अंतरराज्यीय बस संचालन से जुड़े एक समझौते के चलते फिलहाल कानूनी अड़चन आ रही है।

बता दें कि Jewar Airport पर 15 जून 2026 से कॉमर्शियल उड़ानें शुरू हुई थीं। शुरुआत के समय एयरपोर्ट प्रशासन ने पहले साल में करीब 50 लाख यात्रियों के आने की उम्मीद जताई थी। हालांकि, अब तक यात्री संख्या उम्मीद के अनुरूप नहीं पहुंची है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, एयरपोर्ट पर रोजाना औसतन करीब 2,700 यात्री आ रहे हैं। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) ने अभी आधिकारिक यात्री आंकड़े जारी नहीं किए हैं।

जुलाई में एयरपोर्ट से प्रतिदिन औसतन 17 उड़ानों का प्रस्थान और 17 उड़ानों का आगमन हुआ। वर्तमान में यहां से मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, लखनऊ, भोपाल, जयपुर, अमृतसर, जम्मू, श्रीनगर, उत्तराखंड, जोधपुर, धर्मशाला, किशनगढ़ और बरेली सहित कई शहरों के लिए उड़ानें संचालित हो रही हैं।

दिल्ली से जेवर तक DTC सेवा में क्या अड़चन है?

DTC के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, एयरपोर्ट प्रबंधन ने दिल्ली से जेवर के लिए बस सेवा संचालित करने का अनुरोध किया है। लेकिन साल 2022 में दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश सरकारों के बीच हुए एक समझौते के तहत फिलहाल बसों के संचालन की दिशा को लेकर कानूनी समस्या है। इसके अनुसार बसें जेवर से दिल्ली जा सकती हैं, लेकिन दिल्ली से जेवर जाने की अनुमति को लेकर अतिरिक्त प्रक्रिया जरूरी है।

DTC ने उत्तर प्रदेश सरकार को अनुपूरक प्रस्ताव भेजने की तैयारी की है। मंजूरी मिलने के बाद काश्मीरी गेट ISBT, आनंद विहार ISBT और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन सहित दिल्ली के प्रमुख स्थानों से बसें चलाने की योजना है।

जेवर तक कई शहरों से पहले से ही है बस कनेक्टिविटी

NIA से उत्तर प्रदेश रोडवेज की बसें नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, आगरा, मथुरा, वृंदावन, मेरठ, अलीगढ़, बुलंदशहर सहित कई शहरों को जोड़ रही हैं। हरियाणा रोडवेज की बसें फिलहाल फरीदाबाद और पलवल से एयरपोर्ट तक चल रही हैं। मांग के आधार पर गुरुग्राम, चंडीगढ़, पानीपत, अंबाला और हिसार सहित अन्य शहरों के लिए भी कनेक्टिविटी बढ़ाने की योजना है।

इसके अलावा नोएडा सिटी सेंटर और UPSRTC मोरना बस डिपो से एयरपोर्ट के बीच अटल सेवा AC इलेक्ट्रिक बस सेवा उपलब्ध है। एयरपोर्ट से प्रीमियम इंटरसिटी बसों की बुकिंग की सुविधा भी यात्रियों को दी जा रही है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article