Bihar News: बिहार में बिजली की समस्या को दूर करने के लिए स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए गए हैं। लेकिन ये व्यवस्था भी जैसी होनी चाहिए थी वैसी है नहीं। स्मार्ट प्रीपेड मीटर से लोगों को अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली का रिचार्ज करवाने के बाद भी घरों की बत्ती गुल ही है। इस स्मार्ट सिस्टम को बिजली विभाग पूरी तरह से दुरुस्त नही कर पाया है। बिजली का रिचार्ज करवाने के बाद भी लाइट न आने से उपभोक्ता आक्रोशित नजर आ रहे हैं।
बिजली की समस्याओं से परेशान होकर आक्रोशित लोगों ने पिछले साल तिलक मैदान में स्थित बिजली कार्यालय में जमकर तोड़फोड़ भी की थी। लेकिन उसके बाद भी बिजली विभाग के अधिकारियों पर कोई असर नहीं पड़ा। हाल ही में एक उपभोक्ता ने लाइन न आने पर एक के बाद एक कई रिचार्ज करवाए लेकिन, बिजली आई ही नहीं। ऐसा किसी एक के साथ नहीं बल्कि कई उपभोक्ताओं के साथ हुआ है। रिचार्ज करवाने के बाद भी बिजली के न आने से लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली विभाग में इसकी शिकायत करने पर भी कोई हल नहीं निकल रहा है।
चार रिचार्ज के बाद भी बिजली नहीं आई
बिहार के रामपुर दक्षिण हथौड़ी इलाके के निवासी ने बताया कि दोपहर के समय बिजली कटी तो बैलेंस माइनस 67 पैसे चला गया। इसके बाद उनके पुत्र ने एक बाद एक तीन बार रिचार्ज करवाए। रिचार्ज की राशि क्रमशः 200 रुपये, 600 रुपये और 600 रुपये थी। रिचार्ज होने का मैसेज भी आया और पैसे भी कटे, लेकिन उसके बाद भी लंबे समय तक बिजली नहीं आई। इससे परेशान होने के बाद युवक ने एक बार फिर 200 रुपये का रिचार्ज करवाया लेकिन उसका भी कोई लाभ नहीं हुआ। इससे परेशान होने के बाद बिजली विभाग में शिकायत की गई। उसके बाद देर रात घर में बिजली आई। इस प्रकार स्मार्ट प्रीपेड बिजली रिचार्ज से लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आवश्यकता के अनुसार और समय से रिचार्ज करवाने पर भी बिजली नहीं आ रही है।
