शहर

श्री लाल बहादुर शास्त्री संस्कृत विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह 6 अक्टूबर को, 60 टॉपर होंगे सम्मानित

कुलपति ने बताया कि समारोह में अलग-अलग विभागों में प्रथम स्थान हासिल करने वाले 60 विद्यार्थियों को मेडल प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा विश्वविद्यालय में सर्वश्रेष्ठ शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले तीन विद्यार्थियों को पूर्व राष्ट्रपति डॉ. शंकर दयाल शर्मा की स्मृति में शंकर दयाल शर्मा मेडल से सम्मानित किया जाएगा।

Image

श्री लाल बहादुर शास्त्री संस्कृत विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह 6 अक्टूबर को।

श्री लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली का द्वितीय दीक्षांत समारोह 6 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। समारोह में करीब 1500 विद्यार्थी शामिल होंगे। वहीं, भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन बतौर मुख्य अतिथि विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे, जबकि केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

रविवार को विश्वविद्यालय के वाचस्पति सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में कुलपति प्रो. मुरलीमनोहर पाठक ने दीक्षांत समारोह की तैयारियों और कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी विश्वविद्यालय की पहचान केवल उसके भवन, संसाधनों या सुविधाओं से नहीं होती, बल्कि वहां से शिक्षा लेकर निकलने वाले विद्यार्थियों की प्रतिभा, संस्कार, उपलब्धियों और समाज के प्रति योगदान से होती है।

1500 विद्यार्थी होंगे शामिल

कुलपति ने कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के लिए केवल डिग्री हासिल करने का अवसर नहीं है। यह वर्षों की मेहनत,अनुशासन और अध्ययन के बाद हासिल उपलब्धियों को सम्मान देने का महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने कहा कि उपाधि प्राप्त करने के बाद विद्यार्थियों के जीवन में एक नए चरण की शुरुआत होती है और उनके सामने समाज तथा राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती हैं।

इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे विश्वविद्यालय में अर्जित ज्ञान को संस्कार, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ें। उन्होंने कहा कि शिक्षा का लक्ष्य सिर्फ रोजगार हासिल करना नहीं, बल्कि ऐसे व्यक्तित्व का निर्माण करना है जो ज्ञान के साथ मानवीय मूल्यों और जिम्मेदारी को भी समझता हो।

60 विभागीय टॉपरों को मिलेंगे मेडल

कुलपति ने बताया कि समारोह में अलग-अलग विभागों में प्रथम स्थान हासिल करने वाले 60 विद्यार्थियों को मेडल प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा विश्वविद्यालय में सर्वश्रेष्ठ शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले तीन विद्यार्थियों को पूर्व राष्ट्रपति डॉ. शंकर दयाल शर्मा की स्मृति में शंकर दयाल शर्मा मेडल से सम्मानित किया जाएगा।

इन तीन विद्यार्थियों का चयन वर्ष 2024, 2025 और 2026 में अपनी पढ़ाई पूरी करने वाले विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों के आधार पर किया गया है। कुलपति ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों को सम्मान मिलने से उनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन की भावना मजबूत होती है और दूसरे विद्यार्थियों को भी मेहनत के लिए प्रेरणा मिलती है।

उपराष्ट्रपति का संबोधन रहेगा खास

प्रो. पाठक ने कहा कि उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन का समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होना विश्वविद्यालय और विद्यार्थियों के लिए गौरव का विषय है। उनका दीक्षांत संबोधन विद्यार्थियों को शिक्षा पूरी करने के बाद सामाजिक और राष्ट्रीय जिम्मेदारियों को समझने के लिए प्रेरित करेगा। केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार की मौजूदगी भी समारोह को विशेष बनाएगी।

कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय का पहला दीक्षांत समारोह दिसंबर 2023 में आयोजित किया गया था। दूसरा दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय की शैक्षणिक यात्रा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article