चतरा : चतरा : शहर में रिहायशी इलाके के बीच कथित देह व्यापार का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। न्यू परिसदन भवन के सामने स्थित चांदनी होटल में पुलिस ने छापेमारी कर कथित सेक्स रैकेट का खुलासा किया। सदर थाना पुलिस की कार्रवाई में गिरोह की कथित संचालिका समेत पांच युवतियों और सात युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, होटल के चार कमरों से आपत्तिजनक सामान, 10 मोबाइल फोन, एक अपाचे बाइक और एक स्कूटी बरामद की गई है। पुलिस अब होटल में चल रही गतिविधियों और इस कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
12 लोग गिरफ्तार
मामले की जानकारी सदर थाना परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने दी। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को होटल में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिली थी। इसके बाद विशेष टीम का गठन कर होटल में छापेमारी की गई। पुलिस के मुताबिक, छापेमारी के दौरान होटल से कुल 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें सात युवक और पांच युवतियां शामिल हैं। पुलिस का दावा है कि बिहार से युवतियों को बुलाकर ग्राहकों के लिए उपलब्ध कराया जाता था।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें - 'बेटी, पत्नी या मां... यही पहचान क्यों?' मनुस्मृति पर भी बरसे राहुल गांधी, 'छात्रों की गूंज' में दिया 'ब्रेक द केज' का नारा
युवतियों को होटल में बुलाकर ग्राहकों से कराते थे संपर्क
एसडीपीओ के अनुसार, ग्राहकों से पहले व्हाट्सऐप के जरिए संपर्क किया जाता था और उन्हें युवतियों की तस्वीरें भेजी जाती थीं। पसंद के आधार पर युवतियों को होटल में बुलाने और ग्राहकों से संपर्क कराने का कथित नेटवर्क संचालित किया जा रहा था। पुलिस का कहना है कि यह गतिविधि शहर के रिहायशी इलाके में चल रही थी। मामले में होटल की भूमिका और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कई मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। छापेमारी टीम में एसडीपीओ सन्नी वर्धन, सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव, पुलिस अवर निरीक्षक मनीष कुमार, महिला थाना प्रभारी फिरदौस नाज समेत पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे।
