IMD Heatwave Alert: जहां एक ओर पिछले दिनों बरसात और गरज-चमक से हाल बेहाल था तो वहीं अब लोग हाय गर्मी! कहते फिर रहे हैं। इन दिनों देशभर में भीषण गर्मी का असर लगातार तेज होता जा रहा है और तापमान नए रिकॉर्ड के करीब पहुंच रहा है। मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार आज कई शहरों में पारा 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।
सबसे अधिक तापमान राजस्थान के श्रीगंगानगर में 44.5°C रहा, जबकि उत्तर प्रदेश के प्रयागराज और आंध्र प्रदेश के अमरावती में 44.4°C दर्ज किया गया। इसके अलावा महाराष्ट्र के अकोला में 44.3°C और राजनांदगांव, झारसुगुड़ा, वर्धा तथा बठिंडा में 44.0°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं सुल्तानपुर और एमपी के नर्मदापुरम में पारा 43.8°C तक पहुंच गया, जिससे लोगों को तेज गर्मी और लू का सामना करना पड़ रहा है। आलम तो यह है कि टोपी, गमछा, छाता जिससे भी सूरज देवता की किरणों से बचा जा रहा है लोग बच रहे हैं।
दिल्ली में सीजन का सबसे गर्म दिन
बात अगर देश की राजधानी की बात करें तो, दिल्ली में आज इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया, जहां भीषण गर्मी और लू का असर साफ देखने को मिला। शहर में अधिकतम तापमान करीब 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि रिज क्षेत्र में पारा 43.0°C के पार चला गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। रिज के अलावा सफदरजंग में 41.7°C, पालम में 41.6°C, लोधी रोड पर 41.4°C और आयानगर में 41.7°C तापमान दर्ज किया गया। IMD के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है और हीटवेव का दौर जारी रह सकता है। विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है और चेतावनी दी है कि अगले सप्ताह तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है।
केरल में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट
वहीं, केरल के कुछ हिस्सों में हीटवेव के चलते 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। इस संबंध में जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बृहस्पतिवार और शुक्रवार को कोल्लम, त्रिशूर और पलक्कड़ जिलों के कुछ इलाकों में उष्ण लहर की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 23 और 24 अप्रैल को पलक्कड़ में अधिकतम तापमान लगभग 41 डिग्री सेल्सियस, कोल्लम और त्रिशूर में 40 डिग्री सेल्सियस तथा कोट्टायम, पथनमथिट्टा, एर्नाकुलम और कोझिकोड में लगभग 38 डिग्री सेल्सियस होने की उम्मीद है, जो सामान्य से चार से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक है। अलप्पुझा, मलप्पुरम, कन्नूर और कासरगोड सहित अन्य जिलों में अधिकतम तापमान लगभग 37 डिग्री सेल्सियस रह सकता है, जबकि तिरुवनंतपुरम में इसके लगभग 36 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। आईएमडी ने 23 से 26 अप्रैल के बीच पहाड़ी क्षेत्रों को छोड़कर राज्य भर में गर्मी और उमस की स्थिति बने रहने की चेतावनी दी है।
क्या है IMD का पूर्वानुमान?
मौसम विभाग की लेटेस्ट रिपोर्ट के मुताबिक, देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के अलग-अलग रूप देखने को मिलेंगे। पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों और मध्य भारत में आने वाले 4–5 दिनों तक लू चलने की आशंका है, जबकि पूर्वी भारत में अगले 2–3 दिनों तक गर्म हवाओं का असर बना रह सकता है। वहीं, इस सप्ताह उत्तर-पूर्व और पूर्वी भारत के कई क्षेत्रों में हल्की से लेकर व्यापक बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। खासतौर पर उत्तर-पूर्वी राज्यों में कुछ स्थानों पर अलग-अलग दिनों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा होने के भी संकेत हैं।
