शहर

Kerala Rape Case: नाबालिग ने 62 लोगों पर लगाया रेप का आरोप, आरोपियों की धर पकड़ जारी; 7 और गिरफ्तार

Kerala News: केरल में एक दलित लड़की से 62 लोगों का रेप का मामला सामने आया है। इस मामले में शनिवार को सात और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अब तक इस मामले में कुल 13 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। पीड़िता का आरोप है कि 13 साल की उम्र से अबतक 62 लोगों ने असका यौन शोषण किया है-

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : iStock

Kerala News: केरल में एक दलित लड़की से विभिन्न स्थानों पर कथित रूप से दुष्कर्म करने के मामले में शनिवार को सात और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पीड़िता एक एथलीट है। पुलिस ने बताया कि अबतक इस मामले में कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह घटना उस समय हुई जब पीड़िता नाबालिग थी। पीड़िता (अब 18 वर्ष उम्र) ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि 13 वर्ष की उम्र से अबतक 62 लोगों ने उसका यौन शोषण किया है।

आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग

पुलिस ने बताया कि इस मामले में ऐसे सबूत मिले हैं, जिनसे पता चलता है कि लड़की का उसके खेल प्रशिक्षकों, साथी एथलीटों और सहपाठियों ने शोषण किया था। राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए अधिकारियों से तीन दिनों के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है और न्याय दिलाने के लिए निष्पक्ष व समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने को कहा है।

विशेष जांच दल का गठन किया गया

केरल महिला आयोग (केडब्ल्यूसी) ने स्वत: मामला दर्ज किया और आयोग की अध्यक्ष पी. सती देवी ने पत्तनमथिट्टा के पुलिस अधीक्षक को इस संबंध में तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। यह मामला बाल कल्याण समिति द्वारा आयोजित परमार्श के दौरान सामने आया, जब एक शैक्षणिक संस्थान में पीड़िता के शिक्षकों ने समिति को उसके व्यवहार में आए महत्वपूर्ण बदलावों के बारे में बताया।

इसके बाद समिति ने पुलिस को सूचित किया और जांच करने के लिए पत्तनमथिट्टा के पुलिस उपाधीक्षक की अध्यक्षता में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया।

अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है

पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को जिले के दो थानों में पांच प्राथमिकियां दर्ज होने के बाद छह लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, मामले के सिलसिले में अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी लोगों की उम्र 19 से 30 साल के बीच है और उनमें से कई का आपराधिक इतिहास रहा है।

केरल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के साथ-साथ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) के तहत सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

13 साल की उम्र से ही उसके साथ दुष्कर्म किया जा रहा था

केडब्ल्यूसी ने विज्ञप्ति में बताया, “शिकायत में कहा गया कि एथलीट लड़की का 62 लोगों ने यौन उत्पीड़न किया। 13 साल की उम्र से ही उसके साथ दुष्कर्म किया जा रहा था। यह भी पाया गया कि स्कूल और खेल प्रशिक्षण शिविर में उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया।” पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, “प्रारंभिक जांच से पता चला कि स्कूल स्तर की एथलेटिक प्रशिक्षण में भाग लेने वाली लड़की के साथ खेल प्रशिक्षकों, साथी एथलीटों और अन्य लोगों ने दुर्व्यवहार किया।”

62 लोगों ने उसका यौन उत्पीड़न किया

सूत्रों ने बताया कि जांच अब दुर्व्यवहार में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सबूत जुटाने पर केंद्रित है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस नई प्राथमिकियों और गिरफ्तारियों का ब्योरा पत्तनमथिट्टा बाल कल्याण समिति को सौंपेगी। पीड़िता के बयान के अनुसार, 13 साल की उम्र में उसके पड़ोसी ने पहली बार उससे दुष्कर्म किया था, जिसके बाद 62 लोगों ने उसका यौन उत्पीड़न किया।

40 लोगों की पहचान की गई है

सूत्रों ने बताया कि हिरासत में लिए गए कुछ आरोपी नाबालिग लड़की के पड़ोसी के‍ दोस्त हैं और पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या संदिग्धों ने पीड़िता के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था। पुलिस ने बताया कि पत्तनमथिट्टा थाने की एक महिला उपनिरीक्षक के समक्ष लड़की का विस्तृत बयान दर्ज किया जाएगा। लड़की के बयान के अनुसार, उसने संदिग्धों से बातचीत करने के लिए अपने पिता के मोबाइल फोन का इस्तेमाल किया था और फोन के विवरण और उसके पास मौजूद डायरी से मिली जानकारी की पुष्टि करके 40 लोगों की पहचान की गई है।

Maahi Yashodhar
Maahi Yashodharauthor

माही यशोधर Timesnowhindi.com में न्यूज डेस्क पर काम करती हैं। यहां वह फीचर, इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स न्यूज कवर करती हैं। इसके अलावा वह डेवलपमेंट की खबरों पर भी नजर रखती हैं। वह सड़क, रेल और इंफ्रास्ट्रक्चर के अलावा क्राइम और पर्यावरण से जुड़ी खबरें भी लिखती हैं। राजनीति में खास रुचि होने के कारण वह राजनेताओं और राजनीति से जुड़ी खबरें ब्रेक करते हैं। इससे पहले माही ने देश के नामी मीडिया संस्थानों एनडी टीवी और न्यूज18 में काम किया है। माही यशोधर ने पत्रकारिता में डिग्री ली है। उन्होंने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत देश के नामी संस्थान टाइम्स से की थी, जहां उन्होंने एंटरटेनमेंट डेस्क पर रहते हुए खबरों को धार दी। इसके बाद वह डिजिटल पत्रकारिता में आगे बढ़ती रहीं। पूर्व में माही यशोधर ने एंटरटेनमेंट, हेल्थ, एजुकेशन, एस्ट्रो, वायरल और लाइफस्टाइल की खबरों पर काम किया है। माही हर छोटी-बड़ी खबर को जल्द से जल्द अपने पाठकों तक पहुंचाने की कोशिश करती हैं। माही अपने पाठकों की नब्ज अच्छे से समझती हैं। उन्हें खबरों की अच्छी समझ है और उनकी भाषा ऐसी है कि कम शब्दों में भी पाठक को पूरी खबर समझा देती हैं।

और पढ़ें
End of Article