प्रयागराज

Mahakumbh 2025: यमुना घाट पर वाटर लेजर शो का औद्योगिक विकास मंत्री ने किया उद्घाटन, पानी में दिखेगी कुंभ कथा, अद्भुत होगा नजारा

Mahakumbh 2025: महाकुंभ से पहले प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री द्वारा यमुना घाट पर वाटर लेजर शो का उद्घाटन किया गया। इसमें कुंभ कथा को वाटर स्क्रीन पर प्रदर्शित किया जाएगा।

Image

यमुना घाट पर वाटर लेजर शो का औद्योगिक विकास मंत्री किया उद्घाटन

Mahakumbh 2025: महाकुंभ 2025 में अब एक ही दिन रह गया है। कल यानी सोमवार, 13 जनवरी से महाकुंभ मेले की शुरुआत होगी और 14 जनवरी 2025 को पहला स्नान होगा। प्रयागराज में पर्यटन को और बढ़ावा देने के लिए और महाकुंभ मेले को श्रद्धालुओं के लिए और यादगार बनाने के लिए प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने प्रयागराज में यमुना बैंक घाट पर महाकुंभ 2025 से संबंधित प्रमुख कार्यक्रमों को प्रदर्शित करने वाले एक वाटर लेजर शो का उद्घाटन किया। उद्घाटन के दौरान मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने शो की खूबसूरती को उजागर करते हुए इसे ऐतिहासिक और अद्भुत अनुभव बताया।

सौ लोगों की टीम ने किया वाटर लेजर शो तैयार

मिली जानकारी के अनुसार, यह वाटर लेजर शो 45 मिनट तक चला और इसे तैयार करने में 20 करोड़ रुपये से ज्यादा का खर्च हुआ है। इसे करीब 100 लोगों की टीम ने महज 60 दिनों (दो महीने) में तैयार किया। बता दें कि निजी कंपनी ने पहले अयोध्या और झांसी में इसी तरह के वाटर लेजर शो आयोजित किए थे। नंद गोपाल गुप्ता नंदी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "सनातन धर्म एवं आस्था के सबसे बड़े समागम दिव्य एवं भव्य महाकुंभ 2025 में आने वाले श्रद्धालुओं को गंगा और यमुना की लहरों पर अद्भुत नजारे देखने को मिलेंगे। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह के कुशल नेतृत्व में यमुना बैंक रोड के काली घाट पर 22 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित पर्यटन विभाग के वाटर लेजर शो का विधि विधान पूर्वक पूजन कर एवं बटन दबाकर उद्घाटन किया। जिसका संचालन प्रतिदिन किया जाएगा।

आध्यात्मिकता तथा आधुनिक तकनीक का संगम

उन्होंने आगे कहा कि इसमें इसमें कुंभ कथा को वाटर स्क्रीन पर प्रदर्शित किया जाएगा। इस अवसर पर क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी अपराजिता सिंह, यूपीपीसीएल के जीएम सुरेश यादव, प्रोजेक्ट मैनेजर राजेश शर्मा, एपीएम गणेश प्रसाद एवं सूरज बाबू उपस्थित रहे। वाटर लेजर शो महाकुंभ में आने वाले पर्यटकों के लिए एक आकर्षक एवं दृश्यात्मक रूप से अद्भुत अनुभव प्रदान करने वाला होगा। पानी और प्रकाश के अद्भुत संयोजन से सजी यह प्रस्तुति महाकुंभ की भव्यता में चार चांद लगाएगी और दर्शकों को आध्यात्मिकता तथा आधुनिक तकनीक का अनोखा संगम देखने को मिलेगा।" मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस बार महाकुंभ 45 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। महाकुंभ के दौरान श्रद्धालु पवित्र स्नान के लिए गंगा, यमुना और सरस्वती नदियों के संगम पर एकत्रित होंगे। जनवरी से शुरू होकर, महाकुंभ का समापन 26 फरवरी को होगा।

(इनपुट - आईएएनएस)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article