साउथ कोरियन टेक जायंट सैमसंग अपने करोड़ों फैंस के लिए जल्द ही Samsung Galaxy S27 Series को लेकर आने वाली है। इस अपकमिंग सीरीज को लेकर लीक्स भी सामने आने लगी हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सैमसंग अपनी अगली फ्लैगशिप स्मार्टफोन सीरीज में डिजाइन से लेकर बैटरी और डिस्प्ले तक कई बड़े बदलाव कर सकता है। इस सीरीज में चार मॉडल लॉन्च होने की उम्मीद है, जिनमें Galaxy S27, Galaxy S27+, Galaxy S27 Pro और Galaxy S27 Ultra शामिल हो सकते हैं। Samsung Galaxy S27 सीरीज के लॉन्च को लेकर कहा जा रहा है कि कंपनी इसे जनवरी या फरवरी 2027 में पेश कर सकती है।
एक नए लीक के अनुसार, Pro और Ultra मॉडल में पीछे की तरफ हॉरिजॉन्टल कैमरा बार देखने को मिल सकता है। वहीं, Galaxy S27 और Galaxy S27+ में पहले की तरह वर्टिकल कैमरा डिजाइन मिल सकता है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इन स्मार्टफोन के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।
Galaxy S27 Pro और Ultra में मिलेगा नया कैमरा डिजाइन
टिप्स्टर Ice Universe की ओर से शेयर की गई एक लीक तस्वीर में Galaxy S27 सीरीज के चारों मॉडल के कवर दिखाई दिए हैं। इन कवर से फोन के कैमरा डिजाइन का अंदाजा लगाया जा रहा है। तस्वीर के मुताबिक, Galaxy S27 और Galaxy S27+ में पीछे की तरफ ऊपर के कोने में वर्टिकल कैमरा कटआउट मिल सकता है।
वहीं, Galaxy S27 Pro और Galaxy S27 Ultra में पीछे की तरफ एक चौड़ा हॉरिजॉन्टल कैमरा बार दिया जा सकता है। यह डिजाइन फोन को नया लुक देने के साथ-साथ दूसरे हार्डवेयर के लिए भी जगह बना सकता है। हालांकि, यह जानकारी फिलहाल लीक पर आधारित है।
डिस्प्ले साइज को लेकर हुआ खुलासा
लीक रिपोर्ट में Galaxy S27 सीरीज के डिस्प्ले साइज को लेकर भी जानकारी दी गई है। बताया जा रहा है कि Galaxy S27 Pro में 6.47 इंच की स्क्रीन मिल सकती है। वहीं, Galaxy S27+ में 6.66 इंच का डिस्प्ले दिया जा सकता है। दूसरी तरफ, Galaxy S27 Ultra में सबसे बड़ी 6.89 इंच की स्क्रीन मिलने की उम्मीद है।
Galaxy S27 Pro और Ultra में मिल सकती है बड़ी बैटरी
Samsung अपनी नई फ्लैगशिप सीरीज के महंगे मॉडल में बड़ी बैटरी दे सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, Galaxy S27 Pro में करीब 5,200mAh और Galaxy S27 Ultra में 5,700mAh की बैटरी मिल सकती है। खास बात यह है कि इन दोनों फोन में सिलिकॉन-कार्बन बैटरी तकनीक का इस्तेमाल किया जा सकता है। इस तकनीक की मदद से कम जगह में ज्यादा क्षमता वाली बैटरी देना संभव हो सकता है। इससे फोन की बैटरी लाइफ बेहतर होने की उम्मीद है।
फोन के साथ मैग्नेटिक एक्सेसरीज का भी मिलेगा सपोर्ट
लीक के मुताबिक, Galaxy S27 Pro और Galaxy S27 Ultra में Qi2 मैग्नेटिक टेक्नोलॉजी का सपोर्ट मिल सकता है। इसकी मदद से फोन के पीछे मैग्नेट वाले एक्सेसरीज और बैटरी पैक सीधे जोड़े जा सकेंगे। इसके लिए खास कवर की जरूरत भी कम हो सकती है, बशर्ते फोन में यह सुविधा सीधे दी जाए।
Galaxy S27 Pro और Ultra में मिल सकती है नई OLED स्क्रीन
रिपोर्ट्स के अनुसार, Galaxy S27 Pro और Galaxy S27 Ultra में कंपनी के नए M16 OLED पैनल दिए जा सकते हैं। वहीं, Galaxy S27 और Galaxy S27+ में पुराने M14 मटेरियल पर आधारित डिस्प्ले मिलने की संभावना है। नए डिस्प्ले से स्क्रीन की क्वालिटी और पावर एफिशिएंसी में सुधार हो सकता है।
Samsung Galaxy S27 Ultra की कीमत बढ़ने की संभावना
नई तकनीक और हार्डवेयर बदलावों के चलते Galaxy S27 Pro और Galaxy S27 Ultra की कीमत बढ़ सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, सैमसंग ने इन प्रीमियम मॉडल के लिए पहले से ही ऊंची कीमतों पर विचार किया है और इनमें आगे भी बढ़ोतरी हो सकती है। अमेरिका में Galaxy S26 Ultra की कीमत 1,399.99 डॉलर तक पहुंचने के बाद इसके अगले मॉडल की शुरुआती कीमत ज्यादा होने की संभावना जताई जा रही है।
