दिल्ली सहित मैदानी इलाकों में लू का प्रकोप, पहाड़ों में हो रही झमाझम बारिश
दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में इन दिनों प्रचंड गर्मी का प्रकोप है। ऐसा लग रहा है जैसे आसमान से आग बरस रही हो और घर-दफ्तर से बाहर निकलते ही तंदूर की सी आंच महसूस हो रही है। रात को भी लू से राहत नहीं मिल रही है। हालांकि, राहत की बात यह है कि आज यानी गुरुवार 12 जून से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। उधर उत्तराखंड में इन दिनों खूब बारिश हो रही है। उत्तराखंड में मंगलवार 17 जून तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
इन दिनों उत्तराखंड में झमाझम बारिश से मौसम सुहाना बना हुआ है। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में प्रचंड गर्मी का प्रकोप है और गर्मी लगातार बढ़ ही रही है। भारतीय मौसम विभाग यानी IMD ने कल यानी बुधवार 11 जून को बताया कि जम्मू-कश्मीर, पंजाब और हरियाणा में आने वाले दिनों में और भी ज्यादा गर्मी का प्रकोप देखने को मिलेगा। हालांकि, कल यानी शुक्रवार 13 जून से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके सक्रिय होने से हल्की बारिश और तेज हवा चलने से राहत मिलने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें - गोवा का पुराना नाम क्या है? आप शायद ही अंदाजा लगा पाएं
IMD के अनुसार उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश के साथ ही उत्तरी मध्य प्रदेश में भी अगले दो-तीन दिन तक मौसम के तेवर काफी तल्फ रहेंगे। इन राज्यों में IMD ने प्रचंड गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया है। यहां चिलचिलाती गर्मी और लू से लोगों का हाल बेहाल हो सकता है। राजधानी दिल्ली में प्रदूषण का स्तर भी लगातार खराब श्रेणी में बना हुआ है।
IMD के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ क्षेत्रों में 12 जून यानी आजतक प्रचंड गर्मी से लोग बेहाल रहेंगे। पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में भी हीट वेव का कहर जारी रहने की आशंका जतायी गई है। IMD के अनुसार शनिवार 14 जून तक गर्मी से किसी तह की राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
ये भी पढ़ें - मानसून की तैयारी: दिल्ली में 15 वायरलेस स्टेशन के जरिए जलभराव की समस्या होगी दूर
कल यानी बुधवार 11 जून को उत्तराखंड के कई जिलों में बारिश हुई। इससे तापमान में ठीकठाग गिरावट देखने को मिली। आगामी 17 जून तक पूरे राज्य में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग ने आज यानी गुरुवार 12 जून को नैनीताल के साथ ही बागेश्वर, पिथौरागढ़ और गढ़वाल के चमोली जिले में भारी बारिश की संभावना व्यक्त की गई है।
उत्तर बिहार के लोगों को आज गर्मी से राहत मिलने की संभावना है, जबकि दक्षिण बिहार में आज भी प्रचंड गर्मी का दौर जारी है। उत्तर बिहार में एक-दो स्थानों पर 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी और वज्रपात की भी संभावना है। हालांकि, IMD के अनुसार शनिवार 14 जून से पूरे राज्य के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
ये भी पढ़ें - उत्तराखंड का पुराना नाम क्या था, पुराने नाम का अर्थ भी जान लें
प्रचंड गर्मी को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के सभी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा है। यहां OPD में आने वाले मरीजों के लिए भी खास इंतजाम रखने के निर्देश दिए गए हैं। बुधवार को पूरे राज्य में गरा सबसे गर्म शहर रहा। आगरा में कल यानी बुधवार 11 जून को तापमान 45.4 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।
उत्तर भारत के मैदानी इलाकों के साथ ही देश के अन्य हिस्सों में भी इन दिनों प्रचंड गर्मी का प्रकोप है। इस साल मानसून ने समय से 8 दिन पहले ही केरल तट पर दस्तक दी थी। लेकिन शुरुआती तेजी के बाद मानसून 26 मई से ही सुस्त पड़ा हुआ है। अब मौसम विभाग का कहना है कि इसके फिर से सक्रिय होने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक आज से 15 जून के बीज दक्षिण भारत में तेज मानसूनी बारिश का दौर शुरू होगा। इसके साथ ही इसी दौरान मानसून उत्तर भारत में भी प्रवेश करेगा। फिलहाल मानसून मुंबई, अहिल्यानगर, आदिलाबाद, भवानीपटना और बालुरघाट तक ही पहुंचा है।
अब मानसून का अगला पड़ाव बिहार, झारखंड, ओडिसा, पश्चिम बंगाल के बचे हुए हिस्से और पूर्वी उत्तर प्रदेश हैं। आमतौर पर इन हिस्सों को मानसून 15 जून तक कवर कर लेता है। उम्मीद है कि मानसून 15 जून तक इन इलाकों तक पहुंच जाएगा और इसके साथ ही मानसून के उत्तर भारत के अन्य इलाकों में एंट्री सुनिश्चित हो जाएगी। दिल्ली में मानसून 28-29 जून तक पहुंच जाता है, उम्मीद की जा रही है कि इस बार मानसून दिल्ली भी एक-दो दिन पहले पहुंच जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।