Hathras News: हाथरस में रविवार दोपहर करीब एक बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां प्राइवेट बस ने टेंपो को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दो सगी बहनों समेत चार लोगों की मौत हो गई। कई लोग घायल हो गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई। टेंपो में सवार लोग अलीगढ़ जिले के नौसेरवला इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं। सभी गुरुग्राम में काम करते थे और एक ही परिवार के सदस्य थे। वे गुरुग्राम से सिकंद्राराऊ के नौरंगाबाद में शादी में शामिल होने आ रहे थे। इसी दौरान प्राइवेट बस ने टेंपो को पीछे से टक्कर मार दी।
शादी में जा रहे चार लोगों की मौत
बताया जा रहा है कि सभी लोग सिकंद्राराऊ के नौरंगाबाद में हाजी वारिस की बेटी की शादी में शामिल होने आ रहे थे। खुशी के माहौल में जा रहा परिवार अचानक मातम में बदल गया। शादी वाले घर में जैसे ही हादसे की खबर पहुंची, वहां कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, एंबुलेंस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भेजा गया। कुछ घायलों को अकराबाद सीएचसी और गंभीर घायलों को अलीगढ़ भेजा गया।
घायलों की हालत गंभीर
दो मृतकों के शव सिकंद्राराऊ सीएचसी लाए गए। यहां से पोस्टमार्टम के लिए हाथरस भेज दिया गया। पुलिस मृतकों और घायलों की संख्या जुटा रही है। घायलों का इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने बस को कब्जे में लिया
पुलिस का कहना है कि बस को कब्जे में ले लिया गया है। चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की वजह मानी जा रही है। स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाने में मदद की। पुलिस ने जाम खुलवाकर यातायात सामान्य कराया। जांच जारी है।
