दिल्ली

मानसून की तैयारी : दिल्ली में 15 वायरलेस स्टेशन के जरिए जलभराव की समस्या होगी दूर

दिल्ली में मानसून के दौरान बाढ़ और जलभराव से निपटने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में एपेक्स कमेटी की बैठक हुई, जिसके बाद फ्लड कंट्रोल ऑर्डर 2025 जारी किया गया। सरकार ने 15 वायरलेस स्टेशन और सेक्टर टीमों का गठन किया है। नागरिक टोल फ्री नंबर, व्हाट्सएप या ईमेल के माध्यम से समस्याओं की सूचना दे सकते हैं।

Image

दिल्ली में इस साल मानसून में जलजमाव की समस्या से निपटने की तैयारी (फोटो - AI Images)

दिल्ली सरकार ने मानसून से पहले बाढ़ प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई एपेक्स कमेटी की बैठक के बाद फ्लड कंट्रोल ऑर्डर 2025 जारी किया गया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार पूरी तरह से सतर्क है और बाढ़ से निपटने के लिए व्यापक योजना तैयार की गई है। 15 वायरलेस स्टेशन स्थापित किए गए हैं और सेक्टर टीमों का गठन किया गया है। सभी अधिकारियों को आपातकालीन स्थितियों के लिए अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया गया है।

फ्लड कंट्रोल ऑर्डर एक गाइडबुक की तरह काम करेगा, जिससे सभी विभागों को बाढ़ के समय समन्वित और त्वरित कार्रवाई में मदद मिलेगी। हर साल मानसून के दौरान दिल्ली जलभराव और बाढ़ की दोहरी समस्या से जूझती है, जिसे इस बार रोकने के लिए विशेष समीक्षा की गई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि कैबिनेट मंत्रियों प्रवेश साहिब सिंह, आशीष सूद और मनजिंदर सिंह सिरसा के नेतृत्व में सेक्टर कमेटियां बनाई गई हैं, जिनमें 3-4 DM शामिल होंगे। ये अधिकारी अपने क्षेत्रों में बाढ़ प्रबंधन के लिए जिम्मेदार होंगे।

15 जून से डीएम ईस्ट कार्यालय में 24x7 सेंट्रल फ्लड कंट्रोल रूम शुरू किया जाएगा। यदि यमुना का जलस्तर 204.5 मीटर से ऊपर जाता है, तो निचले इलाकों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाएगा। राहत कार्यों के लिए 14 स्थानों पर नावें तैनात की जाएंगी।

दिल्ली के लोग किसी भी समस्या की सूचना टोल फ्री नंबर 1916/1800-11-7118, व्हाट्सएप नंबर 8383068300, 9650291021 या ईमेल के माध्यम से दे सकते हैं। जल बोर्ड के कंट्रोल रूम में 6 अधिकारी तैनात रहेंगे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article