Sambhal News: उत्तर प्रदेश के संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र में स्थित बिलालपत गांव में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर मतदाता पहचान पत्र बनवाने का मामला सामने आया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया की फर्जी तरीके से वोटर आईडी कार्ड बनवाने के आरोप में 48 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। अधिकारी ने यह भी बताया कि संभल तहसील के बिलालपत गांव के लेखपाल गुन्नू बाबू की शिकायत पर यह मामला दर्ज किया गया है।
बाबू ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) (धोखाधड़ी), 336(2) (जाली दस्तावेज बनाना), 338 (मूल्यवान प्रतिभूति, वसीयत आदि की जालसाजी) और 340(2) (जाली दस्तावेजों या इलेक्ट्रॉनिक अभिलेखों को वास्तविक के रूप में उपयोग करना) के साथ-साथ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 31 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
शिकायत के बाद बिलालपत गांव में SIR का निरीक्षण किया
न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, जिलाधिकारी राजेंद्र सिंह ने हाल में बिलालपत गांव पहुंचकर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के कार्यों का निरीक्षण किया था। इस दौरान गांव के मोहम्मद कमर और मोहम्मद फारूक ने गांव में फर्जी मतदाता पहचान पत्र बनवाए जाने की शिकायत की थी। इस पर जिलाधिकारी ने जांच समिति गठित कराई थी। पड़ताल में पाया गया कि गांव के 48 लोगों ने आधार कार्ड सहित विभिन्न दस्तावेज में हेराफेरी करके अपने मतदाता पहचान पत्र बनवाये थे। उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी ने सभी 48 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराने के आदेश दिए थे। इसके बाद लेखपाल गुन्नू बाबू की शिकायत पर मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज की गई।
(इनपुट - भाषा)
