Saharsa Temple Firing: बिहार के सहरसा जिले के महिषी स्थित प्रसिद्ध संत कारू बाबा मंदिर में रविवार शाम पुराने विवाद को लेकर महंत और ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया और गोलीबारी की घटना सामने आई। फायरिंग में एक ग्रामीण के पैर में गोली लग गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति को गोली छूकर निकल गई। घायल व्यक्ति की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद मंदिर परिसर में तनाव बढ़ गया।
हथियार और कारतूस बरामद
आक्रोशित ग्रामीणों ने महंत निरंजन यादव और उनके समर्थकों को मंदिर परिसर में ही रोक लिया। इसी दौरान महंत की एक गाड़ी में आग लगाए जाने की सूचना भी सामने आई। घटना की जानकारी मिलते ही महिषी थानाध्यक्ष और सदर एसडीपीओ पंकज कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। ग्रामीणों के विरोध के बीच पुलिस ने मंदिर परिसर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान हथियार और कारतूस बरामद किए जाने की बात सामने आई है। इसके बाद पुलिस ने महंत निरंजन यादव समेत अन्य आरोपितों को गिरफ्तार कर थाने पहुंचाया।
घटना को लेकर अलग-अलग पहलुओं से जांच जारी
पुलिस के मुताबिक, मंदिर के महंत, उनके समर्थकों और ग्रामीणों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा था। रविवार शाम इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और झड़प हुई। इसी दौरान फायरिंग किए जाने का आरोप है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गोलीबारी में कौन-कौन लोग शामिल थे। पुलिस मंदिर परिसर में मौजूद अन्य लोगों की भूमिका और पहचान का भी सत्यापन कर रही है। साथ ही गोलीबारी, हथियार और कारतूस की बरामदगी तथा गाड़ी में आग लगाए जाने की घटना को लेकर अलग-अलग पहलुओं से जांच की जा रही है।
इलाके में तनाव का माहौल
सदर एसडीपीओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि पूरे मामले की जांच जारी है। पुलिस विवाद की वास्तविक वजह का पता लगाने के साथ घटना में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने में जो भी लोग दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल संत कारू बाबा मंदिर में हुई गोलीबारी के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस की मौजूदगी में स्थिति पर नजर रखी जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
