शहर

केदारनाथ यात्रा को लेकर फेक न्यूज फैलाना पड़ेगा भारी, धाम की छवि बिगाड़ने वालों पर FIR दर्ज

केदारनाथ धाम को लेकर सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले कुछ लोगों के खिलाफ रुद्रप्रयाग पुलिस ने FIR दर्ज की है। प्रशासन ने साफ किया कि यात्रा सुचारू रूप से चल रही है और गलत जानकारी फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।

Image

केदारनाथ धाम (फाइल फोटो)

Photo : iStock

Kedarnath Dham: उत्तराखंड में स्थित प्रसिद्ध केदारनाथ धाम को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही भ्रामक खबरों पर पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। रुद्रप्रयाग पुलिस ने अफवाह फैलाने वाले कुछ लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि केदारनाथ यात्रा पूरी तरह सुचारू रूप से चल रही है और सभी व्यवस्थाएं भी दुरुस्त हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि धाम की छवि खराब करने की कोशिश करने वालों को बक्शा नहीं जाएगा।

अराजक तत्वों के खिलाफ होगी कार्रवाई - पुलिस

गढ़वाल मंडल के आईजी राजीव स्वरूप ने बताया कि केदारनाथ में सभी जगह व्यवस्थाएं चाक-चौबंद है, लेकिन कुछ लोग सोशल मीडिया के जरिए गलत जानकारी फैला रहे है और श्रद्धालुओं को गुमराह करने की कोशिश कर रहे थे। इससे धाम की छवि पर प्रभाव पड़ सकता था। जिसे देखते हुए पुलिस ने ऐसे अराजक तत्वों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की है।

वहीं, केदारनाथ की विधायक आशा नौटियाल ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि केदारनाथ धाम और उत्तराखंड के सभी धाम आस्था के केंद्र हैं। देश-विदेश से लोग यहां श्रद्धा और विश्वास के साथ आते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग धाम में केवल सोशल मीडिया के लिए वीडियो या रील बनाने के लिए पहुंचते हैं, जो उनका निजी मामला हो सकता है, लेकिन अगर इससे व्यवस्थाओं में बाधा आती है या गलत जानकारी फैलती है तो उस पर कार्रवाई जरूरी है।

बद्री-केदार मंदिर समिति ने पहले ही मंदिर परिसर और आसपास रील बनाने पर प्रतिबंध लगाया दिया है, ताकि धार्मिक माहौल और व्यवस्थाओं पर असर न पड़े। प्रशासन का कहना है कि किसी भी तरह की गलत या भ्रामक सूचना फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाहों पर ध्यान न दें और बिना किसी चिंता के केदारनाथ धाम की यात्रा पर आए।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article