DC Vs RCB IPL 2026 Traffic Advisory: दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में आज, सोमवार शाम होने वाले IPL 2026 के मुकाबले को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। दिल्ली कैपिटल्स (DC) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच होने वाले इस मैच के कारण मध्य दिल्ली के कई हिस्सों में शाम 5 बजे से लेकर रात 12 बजे तक भारी ट्रैफिक रहने की संभावना है।
इन रास्तों पर जाने से बचें (Delhi Traffic Diversion)
मैच के मद्देनजर शाम 5 बजे से रात के 12 बजे तक स्टेडियम के आसपास के रूट पर आवाजाही प्रभावित रहेगी। पुलिस ने इन रास्तों से बचकर निकलने की सलाह दी है। बहादुर शाह जफर मार्ग (BSZ Marg) पर दिल्ली गेट से आईटीओ के बीच दोनों तरफ ट्रैफिक जाम की आशंका जताई है। जेएलएन मार्ग (JLN Marg) पर राजघाट से दिल्ली गेट तक दोनों कैरिजवे पर भी जाम रह सकता है। आसफ अली रोड पर तुर्कमान गेट से दिल्ली गेट तक जाम की आशंका है। रिंग रोड पर राजघाट से आई.पी. फ्लाईओवर तक भारी आवाजाही आशंका को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने इन इलाकों से ना गुजरने की सलाह दी है।
भारी वाहनों पर पाबंदी
जरूरत पड़ने पर दिल्ली पुलिस ट्रैफिक डायवर्जन लागू करेगी। विशेष रूप से भारी और कमर्शियल वाहनों को दरियागंज से दिल्ली गेट चौक, दिल्ली गेट चौक से गुरु नानक चौक और आईटीओ से दिल्ली गेट चौक के रूटों पर गुजरने की अनुमति नहीं होगी।
स्टेडियम में एंट्री के लिए गेट गाइड
स्टेडियम में गेट 1 से लेकर गेट 8 तक में एंट्री लेनी हो तो दक्षिण दिशा, BSZ मार्ग के जरिए जाएं। वहीं गेट 10 से 15 तक एंट्री के लिए पूर्व दिशा से जाएं, जिसके लिए अंबेडकर स्टेडियम बस टर्मिनल के पास जेएलएन मार्ग के जरिए जाना होगा। गेट 16 से 18 पश्चिम दिशा से एंट्री के लिए पेट्रोल पंप के पास BSZ मार्ग के जरिए प्रवेश लें।
पार्किंग और 'पार्क एंड राइड' की सुविधा
स्टेडियम के ठीक बाहर केवल लेबल वाले वाहनों को ही पार्किंग की अनुमति है। आम जनता के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। माता सुंदरी रोड, राजघाट पावर हाउस रोड और वेलोड्रोम रोड पर फ्री पार्किंग साइट्स हैं। माता सुंदरी रोड और शांति वन पार्किंग जैसे स्थानों से स्टेडियम तक बस सेवा (Park & Ride) मैच शुरू होने से 2 घंटे पहले और मैच खत्म होने के 1 घंटे बाद तक उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा टैक्सी पॉइंट्स भी हैं। ऐप-आधारित टैक्सियों के लिए मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज (गेट नंबर 2) और राजघाट चौक के पास पिक-अप/ड्रॉप पॉइंट बनाए गए हैं।
