Roorkee News: उत्तराखंड के रुड़की स्थित कृष्णा नगर में लंबे समय से जारी जलभराव की समस्या अब बच्चों की पढ़ाई पर भी असर डाल रही है। लगातार पानी जमा रहने के कारण स्थानीय स्कूलों को बंद करना पड़ा, जिससे छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसी समस्या के विरोध में एक स्कूल प्रबंधन ने अनोखे अंदाज में नगर निगम कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। शुक्रवार को स्कूल प्रबंधन तीन बसों में बच्चों को लेकर रुड़की नगर निगम कार्यालय पहुंचा। यहां मुख्य नगर अधिकारी के कार्यालय के अंदर बाकायदा स्कूल की तरह क्लास लगाई गई। बोर्ड लगाकर बच्चों को पढ़ाया गया और इस प्रदर्शन के जरिए नगर निगम को जलभराव की समस्या की गंभीरता का एहसास कराने की कोशिश की गई।
बच्चों के साथ रहा कौन-कौन मौजूद?
प्रदर्शन के दौरान बच्चों के साथ उनके अभिभावक और कृष्णा नगर के कई स्थानीय निवासी भी मौजूद रहे। लोगों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध जताया और लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की। बच्चों ने हाथों में पोस्टर लेकर अपनी बात सामने रखी। बताया जा रहा है कि कृष्णा नगर में हर बारिश के दौरान कई फीट तक पानी जमा हो जाता है। जलभराव के कारण स्थानीय लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है और कई बार वाहन चालकों के गिरकर घायल होने की घटनाएं भी सामने आती रही हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे लंबे समय से इस समस्या से निजात दिलाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हो पाया है।
नगर निगम की कार्यप्रणाली पर हुए सवाल खड़े
इस बार लगातार बारिश के कारण हालात और बिगड़ गए हैं। पानी भरने की वजह से स्कूलों को बंद रखना पड़ा, जिसका सीधा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। इसी परेशानी को सामने रखते हुए स्कूल प्रबंधन ने बच्चों को नगर निगम कार्यालय लाकर वहीं पढ़ाई शुरू कर दी। प्रदर्शन के दौरान स्थिति काफी हंगामेदार हो गई। लोगों के आक्रोश के बीच मुख्य नगर अधिकारी गोपाल राम बिनवाल को अपनी गाड़ी में बैठकर वहां से निकलना पड़ा। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि जलभराव की समस्या को लेकर बार-बार शिकायत करने के बावजूद नगर निगम की ओर से प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं। कृष्णा नगर के लोगों का कहना है कि जलभराव सिर्फ आवागमन की समस्या नहीं है, बल्कि इससे बच्चों की शिक्षा भी प्रभावित हो रही है। Gen-Alpha बच्चों की पढ़ाई को लेकर स्कूल प्रबंधन का यह अनोखा प्रदर्शन अब नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय लोग जल्द से जल्द जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था किए जाने की मांग कर रहे हैं।
