Rewari Double Murder: हरियाणा के रेवाड़ी में शुक्रवार को एक सनसनीखेज वारदात में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि गोकलपुर गांव के पास बाइक से जा रहे तीन युवकों को एक कार ने टक्कर मारी। इसके बाद हमलावरों ने सड़क पर गिरे युवकों पर लाठी-डंडों से हमला किया और मौके से फरार हो गए। गंभीर चोटों के कारण दो युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए सिविल अस्पताल भेजा। शुरुआती जांच में वारदात का संबंध इंदिरा गांधी यूनिवर्सिटी (IGU) में हुए दो गुटों के विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस अभी यह स्पष्ट करने में जुटी है कि इस झगड़े में मृतकों और घायल युवक की क्या भूमिका थी।
शादीशुदा और एक बेटी का पिता था जतिन
मृतकों की पहचान मांड्या निवासी 22 वर्षीय जतिन और निगानियावास निवासी 20 वर्षीय हिमेश के रूप में हुई है। जतिन शादीशुदा था और उसकी एक बेटी भी है। वह रेवाड़ी की एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था और शुक्रवार सुबह घर से ड्यूटी पर जाने की बात कहकर निकला था। उसके पिता खेती करते हैं। वहीं हिमेश किशन लाल पब्लिक कॉलेज (KPL) में पढ़ाई कर रहा था। उसके पिता स्कूल बस चालक हैं। घायल युवक की पहचान बुढ़ाना गांव निवासी यशपाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि IGU में दो गुटों के बीच पहले विवाद हुआ था। दोनों पक्षों ने अपने-अपने साथियों को बुलाया, जिसके बाद मामला बढ़ गया। इसी विवाद के दौरान गोकलपुर गांव के पास जतिन, हिमेश और यशपाल पर हमला किए जाने की बात सामने आई है।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया घटनाक्रम
एक प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, दोनों गुटों के बीच विवाद यूनिवर्सिटी के गेट से ही शुरू हो गया था। इसके बाद एक पक्ष के साथ बड़ी संख्या में युवक बाइक और कारों से वहां पहुंचा। बताया गया कि करीब छह से सात बाइक और दो कारें घटनास्थल की ओर आई थीं। प्रत्यक्षदर्शी का दावा है कि कई बाइक की नंबर प्लेटों पर टेप चिपका हुआ था, जिससे वाहनों की पहचान छिपाई जा सके। बाइक सवार युवकों के हाथों में लाठी-डंडे और धारदार हथियार भी दिखाई दिए। स्थानीय लोग जब तक मौके पर पहुंचते, तब तक आरोपी वहां से भाग चुके थे। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, हमलावर कार और बाइकों से खुंभावास की दिशा में फरार हुए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान के लिए घटनास्थल से जुड़े सबूतों तथा अन्य संभावित सुरागों को खंगाला जा रहा है।
