शहर

आरक्षण सुधार आंदोलन: ब्रजेश पाठक बोले- हर युवा के साथ खड़ी है सरकार,छात्रों की मांगें भाजपा केंद्रीय नेतृत्व के सामने रखेंगे

ब्रजेश पाठक ने कहा कि छात्रों की समस्याओं और उनकी न्यायसंगत मांगों के समाधान के लिए संवाद और सकारात्मक पहल के जरिए आगे बढ़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि अगले दो दिनों में छात्रों के प्रतिनिधिमंडल की संबंधित केंद्रीय मंत्री से भेंट कराने का प्रयास किया जाएगा।

Image

बृजेश पाठक ने छात्रों को दिया आश्वासन।

नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर आरक्षण सुधार की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों के प्रतिनिधिमंडल से उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शनिवार को लखनऊ में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने छात्रों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों को भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के सामने रखा जाएगा। साथ ही अगले दो दिनों के भीतर छात्रों के प्रतिनिधिमंडल की संबंधित केंद्रीय मंत्री से मुलाकात कराने का भी आश्वासन दिया। इस दौरान डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार हर युवा के साथ खड़ी है और युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों को ध्यान से सुना गया है और उनके उचित समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे हर्ष दुबे, मृत्युंजय पाठक, शिवा शर्मा और अन्य छात्रों के साथ प्रेस वार्ता में ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल की ओर से उन्हें एक पत्र भी सौंपा गया है। इस पत्र को केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंचाया जाएगा और छात्रों की मांगों पर प्रभावी ढंग से चर्चा की जाएगी।

दो दिन में केंद्रीय मंत्री से मुलाकात का आश्वासन

ब्रजेश पाठक ने कहा कि छात्रों की समस्याओं और उनकी न्यायसंगत मांगों के समाधान के लिए संवाद और सकारात्मक पहल के जरिए आगे बढ़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि अगले दो दिनों में छात्रों के प्रतिनिधिमंडल की संबंधित केंद्रीय मंत्री से भेंट कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं की आवाज को उचित मंच तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में हरसंभव कदम उठाएगी। डिप्टी सीएम ने यह भी कहा कि देश और प्रदेश के युवा किसी भी परिस्थिति में खुद को अकेला न समझें, सरकार उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।

समान अवसर की मांग

प्रेस कॉन्फ्रेंस में आंदोलन का नेतृत्व कर रहे हर्ष दुबे ने कहा कि छात्रों ने शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि आंदोलन का उद्देश्य देश के हर युवा को समान अवसर दिलाना है। उन्होंने दो दिन के भीतर केंद्रीय मंत्री से मुलाकात कराने के आश्वासन के लिए डिप्टी सीएम का आभार जताया।

छात्रों की ओर से दिए गए पत्र में कहा गया है कि मौजूदा शिक्षा व्यवस्था में छात्रों के बीच मेरिट के स्तर पर काफी अंतर है। आंदोलनकारियों का मुख्य जोर इस बात पर है कि सभी छात्रों की बौद्धिक क्षमता के समान विकास के अवसर उपलब्ध हों, ताकि आगे प्रोफेशनल कोर्स में दाखिले के दौरान उन्हें समान अवसर मिल सकें। छात्रों ने अवसरों की संख्या बढ़ाने की मांग भी उठाई है। उनका कहना है कि इससे किसी भी छात्र के साथ अन्याय की स्थिति पैदा नहीं होगी और इसका लाभ व्यापक रूप से समाज को मिलेगा।

Vinod Mishra
विनोद मिश्राauthor

दिल्ली से लेकर यूपी की राजधानी लखनऊ में करीब दो दशक से टीवी पत्रकारिता कर रहें है। यूपी की सियासत की नब्ज और ब्यूरोकेसी की समझ है। पत्रकारिता एक पैशन है।

और पढ़ें
End of Article