शहर

Republic Day parade 2026: कब और कहां से खरीदें टिकट, Ticket के दाम भी जान लें

गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर परेड, बीटिंग रिट्रीट और फुल ड्रेस रिहर्सल में से किसी एक का भी अगर गवाह बनना चाहते हैं तो टिकट की जानकारी हम यहां लेकर आए हैं। टिकट ऑनलाइन आमंत्रण पोर्टल और नई दिल्ली में टिकट काउंटर कहां-कहां पर मौजूद हैं, यह सब जानकारी हम आपको इसी खबर में देंगे।

Image

दिल्ली में कर्तव्य पथ पर आयोजित होगी गणतंत्र दिवस परेड (PTI)

Photo : PTI

जनवरी का महीना आते ही गणतंत्र दिवस परेड की तैयारियां भी जोर-शोर से शुरू हो जाती हैं। देशभर में लोगों को बड़ी ही बेसब्री से इसका इंतजार रहता है और हो भी क्यों नहीं, इस दिन दिल्ली में कर्तव्य पथ पर देश की सांस्कृतिक और सैन्य शक्ति के दर्शन होते हैं। ठंड के बावजूद गणतंत्र दिवस के दिन लोग तड़के ही कर्तव्य पथ पर पहुंच जाते हैं। अगर आप भी इस साल दिल्ली में कर्तव्य पथ पर परेड देखने का प्लान बना रहे हैं तो यहां जानिए कि टिकट कैसे और कहां से खरीदें? किन-किन आयोजनों के लिए आप टिकट खरीद सकते हैं और ऑनलाइन व ऑफलाइन टिकट खरीदने के क्या विकल्प मौजूद हैं?

टिकटों की बिक्री कब शुरू होगी?

गणतंत्र दिवस परेड 2026, बीटिंग रिट्रीट की फुल ड्रेस रिहर्सल और बीटिंग रिट्रीट के मुख्य समारोह के लिए आज यानी सोमवार 5 जनवरी से टिकटों की बिक्री शुरू हो गई है। 26 जनवरी को दिल्ली के कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड का आयोजन होगा। इसके बाद बुधवार 28 जनवरी को बीटिंग रिट्रीट की फुल ड्रेस रिहर्सल और गुरुवार 29 जनवरी को बीटिंग रिट्रीट के मुख्य समारोह का आयोजन होगा। इन तीनों कार्यक्रमों के टिकट आज यानी सोमवार 5 जनवरी से बुधवार 14 जनवरी तक रोज सुबह 9 बजे से उपलब्ध रहेंगे। रोज का कोटा पूरा होने तक टिकटों की बिक्री जारी रहेगी और कोटा पूरा होते ही बिक्री बंद हो जाएगी।

कितने रुपये में मिलेगी टिकट

26 जनवरी को कर्तव्य पथ पर होने वाली गणतंत्र दिवस परेड के लिए टिकट 100 रुपये और 20 रुपये की श्रेणियों में टिकट खरीद सकते हैं। वहीं, 28 जनवरी को बीटिंग रिट्रीट की फुल ड्रेस रिहर्सल के टिकट के लिए आपको महज 20 रुपये खर्च करने होंगे। 29 जनवरी को होने वाले बीटिंग रिट्रीट समारोह के टिकट का दाम 100 रुपये रखा गया है। बहुत की कम दाम पर उपलब्ध ये टिकट आम लोगों को राष्ट्रीय उत्सव में शामिल होने का अवसर देते हैं।

Republic Day Parade bikes PTI

गणतंत्र दिवस की परेड में सेना के जवानों के स्टंट देखने लायक होते हैं

ऑनलाइन टिकट कहां से खरीदें

अगर आप गणतंत्र दिवस सहित इन तीनों कार्यक्रमों में से किसी के लिए भी टिकट खरीदना चाहते हैं तो ‘आमंत्रण’ वेबसाइट www.aamantran.mod.gov.in से खरीद सकते हैं। ऑनलाइन टिकट बुकिंग के दौरान पहचान पत्र का विवरण देना अनिवार्य होगा। ध्यान रहे कि कार्यक्रम में एंट्री के समय भी वही मूल फोटो पहचान पत्र साथ रखना जरूरी होगा, जिससे टिकट खरीदा गया है।

ऑफलाइन टिकट कब और कहां से खरीदें

अगर आप ऑफलाइन टिकट खरीदना चाहते हैं तो दिल्ली में छह जगहों पर इसके लिए काउंटर लगाए गए हैं। इनमें सेना भवन, शास्त्री भवन, जंतर-मंतर, संसद भवन रिसेप्शन, राजीव चौक मेट्रो स्टेशन और कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन भी शामिल हैं। इन काउंटरों पर आज यानी सोमवार 5 से 14 जनवरी तक सुबह 10 बजे से 1 बजे और दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक टिकट खरीदे जा सकते हैं। टिकट खरीदते समय आधार कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, पासपोर्ट या किसी अन्य सरकारी पहचान पत्र की ऑरिजिनल कॉपी दिखानी अनिवार्य है।

Republic Day Parade Band PTI

गणतंत्र दिवस परेड में सेना और पुलिस के बैंड की धुन मन मोह लेती है (फोटो - PTI)

गणतंत्र दिवस का ऐतिहासिक महत्व

15 अगस्त 1947 को देश के आजाद होने के बाद 26 जनवरी 1950 को भारत ने अपना संविधान अपनाया और देश एक गणराज्य बन गया। गौरतलब है कि इसी दिन 1930 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने ‘पूर्ण स्वराज’ की घोषणा की थी। इस ऐतिहासिक दिन पर देश के हर हिस्से में और जहां भी भारतीय रहते हैं वहां झंडारोहण और कई जगह परेड भी आयोजित की जाती हैं। मुख्य परेड राजधानी नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर राष्ट्रपति की उपस्थिति में होती है।

क्या है बीटिंग रिट्रीट समारोह?

29 जनवरी की शाम विजय चौक पर आयोजित बीटिंग रिट्रीट समारोह को गणतंत्र दिवस समारोहों के औपचारिक समापन के तौर पर आयोजित किया जाता है। बीटिंग रिट्रीट में थलसेना, नौसेना, वायुसेना, दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के बैंड मंत्रमुग्ध कर देने वाली देशभक्ति की धुनें प्रस्तुत करते हैं। इतने वर्षों में यह समारोह भारतीय सशस्त्र बलों के शौर्य और बलिदान को समर्पित एक भव्य परंपरा बन चुका है।

FAQs

गणतंत्र दिवस 2026 के टिकटों की बिक्री कब शुरू होगी?

गणतंत्र दिवस 2026 के टिकटों की बिक्री 5 जनवरी 2026 से शुरू होकर 14 जनवरी 2026 तक चलेगी, जब तक निर्धारित कोटा पूरा नहीं हो जाता।

गणतंत्र दिवस से जुड़े प्रमुख कार्यक्रम किन तारीखों को होंगे?

गणतंत्र दिवस परेड के टिकट की कीमत क्या है?

बीटिंग रिट्रीट के टिकट कितने रुपये के हैं?

गणतंत्र दिवस 2026 के टिकट ऑनलाइन कहां से खरीदे जा सकते हैं?

गणतंत्र दिवस 2026 के टिकट खरीदने और प्रवेश के लिए कौन से दस्तावेज जरूरी हैं?

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article