Times Network India Health Summit and Awards 2026: मध्य प्रदेश में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने बुधवार को विपक्ष को जमकर लताड़ा। उन्होंने कहा कि काम करने वाले नेताओं के खिलाफ एंटी-इनकंबेंसी नहीं, बल्कि प्रो-इनकंबेंसी होती है।
इस दौरान, उन्होंने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना करते हुए बताया कि कैसे आयुष्मान भारत योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना ने गरीबों के जीवन में क्रांतिक्रारी बदलाव लाया। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों के लिए दो वक्त का खाना जुटाना मुश्किल होता है, उनके लिए स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलना बेहद महत्वपूर्ण है।
नरेंद्र शिवाजी पटेल नई दिल्ली में आयोजित टाइम्स नेटवर्क इंडिया हेल्थ समिट एंड अवॉर्ड्स 2026 को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अपने ग्रामीण पृष्ठभूमि का जिक्र करते हुए बताया कि किस तरह सरकार की योजनाएं जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। उन्होंने कहा, ''मैं एक छोटे से गांव से आता हूं और जिस विधानसभा का प्रतिनिधित्व करता हूं, वो भी ग्रामीण जिलों से परिपूर्ण है।''
'आयुष्मान कार्ड बना गोल्ड कार्ड'
उन्होंने आगे जम्मू-कश्मीर में अनुभव को साझा करते हुए बताया कि मुझे चुनाव के काम को लेकर जम्मू-कश्मीर जाने का मौका मिला तो मैंने देखा कि वहां पर लोग आयुष्मान कार्ड को 'गोल्ड कार्ड' कहते हैं। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने लोगों से पूछा कि आयुष्मान कार्ड को 'गोल्ड कार्ड' क्यों कहते हैं, तो उन्हें जवाब मिला कि पहले परिवार में किसी के बीमार पड़ने पर इलाज का खर्च जुटाने के लिए घर में 'गोल्ड' बेचना पड़ता था, लेकिन नरेंद्र मोदी की वजह से जो हमें आयुष्मान कार्ड मिला है, वो 'गोल्ड' की तरह काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों के लिए दो वक्त का भोजन जुटाना मुश्किल होता है, उन्हें जब ऐसी स्वास्थ्य सुविधाएं मिलती हैं तो यह निश्चित रूप से बहुत महत्वपूर्ण है।
प्रधानमंत्री आवास योजना ने किया बड़ा बदलाव
इस दौरान, उन्होंने अपने छात्र जीवन से जुड़ा एक किस्सा भी साझा किया। उन्होंने कहा कि कॉलेज के दिनों से ही उनकी सार्वजनिक जीवन में रुचि थी। उस समय उन्होंने एक पत्रिका में लेख लिखा था। लेख के संदर्भ में जब संपादक ने उनसे उनकी रुचि के बारे में पूछा, तो इस पर मेरा जवाब था- किसी बड़े व्यापारी के घर में जितना बड़ा बॉथरूम होता है, उतने बड़े स्पेस में पूरा का पूरा परिवार रहता है। उन्होंने इसे देश की विडंबना बताया।
मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री पटेल के मुताबिक, उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में रहने की वजह से गरीब परिवारों के जीवन और उनकी कठिनाइयों को करीब से देखा है। उन्होंने कहा, ''शायद आप लोगों का पाला नहीं पड़ा होगा, लेकिन मैं ग्रामीण क्षेत्र से आता हूं तो मैंने देखा है कि कैसे गरीब लोग अपना जीवनयापन करते थे, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी स्कीम लाकर इस देश में क्रांतिकारी परिवर्तन किया है, जो अद्भुत है।''
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: पारंपरिक और आधुनिक चिकित्सा में टकराव नहीं, प्रतापराव जाधव ने बताया क्यों बदल रही हैं स्वास्थ्य सेवाओं से उम्मीदें
एयर एम्बुलेंस सेवा
उन्होंने मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा शुरू की गई एयर एम्बुलेंस सेवा का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि आयुष्मान कार्डधारियों और दुर्घटना के मामलों में जरूरतमंद लोगों को निशुल्क एयर एम्बुलेंस की सुविधा दी जाती है। इसकी मदद से हम सैकड़ों लोगों के जीवन को बचा पाने में सफल हुए हैं।
विपक्षी दलों पर बरसे नरेंद्र शिवाजी पटेल
उन्होंने कहा कि सरकार के इन कामों का मैं इसलिए उल्लेख कर रहा हूं, क्योंकि जब काम करने वाले नेता बैठे होते हैं तो एंटी-इनकंबेंसी नहीं, बल्कि प्रो-इनकंबेंसी होती है। इसी वजह से नेता बार-बार चुने जा रहे हैं। चोरी कोई नहीं हो रही है, बल्कि काम चोर लोगों को देश की जनता नहीं चुन रही है।
