क्रिकेट

Ranji Trophy: बड़ी जीत की ओर बंगाल, लक्ष्य का पीछा करते हुए केरल के चार विकेट गिरे

बंगाल ने रणजी ट्रॉफी के ग्रुप सी मुकाबले में जीत के लिए 355 रन का पीछा कर रही केरल को दूसरी पारी में 53 रन पर चार झटके देकर लगातार तीसरी जीत की उम्मीद मजबूत कर ली। इससे पहले केरल ने अनुभवी ऑफ स्पिनर जलज सक्सेना की शानदार गेंदबाजी के दम पर बंगाल की दूसरी पारी 198 रन पर समेट दी।

Image

बंगाल रणजी टीम बड़ी जीत की तरफ। फोटो- CAB

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। बंगाल ने रणजी ट्रॉफी के ग्रुप सी मुकाबले में जीत के लिए 355 रन का पीछा कर रही केरल को दूसरी पारी में 53 रन पर चार झटके देकर लगातार तीसरी जीत की उम्मीद मजबूत कर ली। बल्लेबाजी के लिए मुश्किल पिच पर केरल के सामने जीत के लिए 302 रन बनाने और ड्रॉ कराने के लिए छह विकेट बचाने की चुनौती है।

इससे पहले केरल ने अनुभवी ऑफ स्पिनर जलज सक्सेना की शानदार गेंदबाजी के दम पर बंगाल की दूसरी पारी 198 रन पर समेट दी। सक्सेना ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 38वीं बार एक पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा किया। पहली पारी में बंगाल के गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने केरल को 141 रन पर आउट कर 209 रन की बढ़त हासिल की थी। बंगाल की ओर से बाएं हाथ के स्पिनर प्रदीप्त प्रमाणिक ने केरल की पहली पारी में चार विकेट लिए थे। मोहम्मद शमी ने तीन और शाहबाज अहमद ने दो विकेट हासिल किए थे।

शाहबाज अहमद की घातक गेंदबाजी

दूसरी पारी में भी प्रमाणिक का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। उन्होंने केरल के चारों विकेट झटके। खास बात यह रही कि अभिषेक नायर नाम के दो बल्लेबाज बिना खाता खोले आउट हुए। पिच से स्पिन गेंदबाजों को काफी मदद मिल रही है और असमान उछाल के कारण बल्लेबाजी मुश्किल हो गई है। मौसम ने साथ दिया तो बंगाल बड़ी जीत दर्ज कर सकता है। दिल्ली और सेना के खिलाफ पहले ही पूरे अंक हासिल कर चुकी बंगाल की टीम जीत के साथ तीन मैचों में 18 अंक तक पहुंच जाएगी।

पुणे में गुजरात ने महाराष्ट्र के खिलाफ तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक दूसरी पारी में तीन विकेट पर 227 रन बना लिए। सलामी बल्लेबाज आर्य देसाई 132 रन बनाकर नाबाद हैं। उन्होंने अपनी पारी में 14 चौके और पांच छक्के लगाए। गुजरात की कुल बढ़त 120 रन हो गई है। रांची में दिल्ली और झारखंड के बीच मुकाबले के तीसरे दिन बारिश के कारण एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी। इससे दिल्ली के सीधे जीत हासिल करने की उम्मीदों को झटका लगा है।

झारखंड के खिलाफ दिल्ली मजबूत स्थिति में

झारखंड ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक चार विकेट पर 131 रन बनाए थे। इससे पहले दिल्ली ने कप्तान आयुष बडोनी के लगातार दूसरे दोहरे शतक की मदद से पांच विकेट पर 515 रन बनाकर पारी घोषित की थी। अंतिम दिन मौसम साफ रहने पर दिल्ली पहली पारी की बढ़त के आधार पर तीन अंक हासिल कर सकती है। अगर खेल नहीं हो पाया तो दोनों टीमों को एक-एक अंक मिल सकता है। भुवनेश्वर में ओडिशा और सेना के बीच मुकाबले के तीसरे दिन भी बारिश के कारण खेल नहीं हो सका। ओडिशा की टीम पहले दिन 194 रन पर आउट हो गई थी। इसके जवाब में सेना ने बिना विकेट खोए 13 रन बनाए थे।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article