Jharkhnad News: झारखंड के हजारीबाग जिले में मुहर्रम के जुलूस के दौरान आग का करतब दिखाते समय एक गंभीर हादसा हो गया, जिसमें कम से कम 15 लोग झुलस गए। यह घटना रविवार रात तुराउन-पोटा गांव में हुई, जब जुलूस में शामिल लोग आग से जुड़े करतब पेश कर रहे थे।
मुफस्सिल थाना प्रभारी कुनाल किशोर ने जानकारी दी कि डीजल से भरे एक कंटेनर में अचानक आग लग गई, जिससे कई लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे के तुरंत बाद घायलों को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसबीएमसीएच) पहुंचाया गया।
एसबीएमसीएच के अधीक्षक डॉ. ए.के. पुर्ती ने बताया कि रविवार रात को अस्पताल में 15 घायलों को भर्ती किया गया था। सोमवार सुबह परिजनों के अनुरोध पर इनमें से 10 लोगों को छुट्टी दे दी गई। फिलहाल चार लोग अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर किया गया है। एक स्थानीय निवासी के अनुसार, जिस कंटेनर से डीजल डाला जा रहा था, वह अचानक आग की चपेट में आ गया और यही दुर्घटना का कारण बना।
(इनपुट - भाषा)
