राँची

CM को हराकर विधायक बने सरयू राय जदयू में शामिल, विधानसभा चुनाव के समय भाजपा से की थी बगावत

लोकसभा चुनाव शानदार जीत के बाद नीतीश कुमार की नजर झारखंड पर है। यहां नीतीश कुमार अपनी पार्टी जदयू को मजबूत करने में जुटे हैं।

Image

झारखंड के निर्दलीय विधायक सरयू राय जदयू में शामिल

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • झारखंड के पूर्व मंत्री हैं सरयू राय
  • इस समय हैं निर्दलीय विधायक
  • कभी भाजपा के थे बड़े नेता

कभी झारखंड बीजेपी के कद्दावर नेता रहे सरयू राय अब जदयू में शामिल हो गए हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में सरयू राय ने तत्कालीन सीएम रघुबर दास को हराया था। तब से सरयू राय निर्दलीय अपनी आवाज बुलंद करते दिखे थे।

सरयू राय जदयू में शामिल

मिली जानकारी के अनुसार झारखंड के पूर्व मंत्री सरयू राय बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल(यूनाइटेड) में शामिल हो गए हैं।

जद(यू) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने रविवार को यह जानकारी दी। झा ने रविवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर यह जानकारी साझा करते हुए बताया कि झारखंड (पूर्व) से निर्दलीय विधायक राय वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों- श्रवण कुमार और अशोक चौधरी की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हुए। अशोक चौधरी जद(यू) के झारखंड के प्रभारी भी हैं।

नीतीश कुमार से मिले थे सरयू राय

यह घटनाक्रम कुछ सप्ताह पहले बिहार के मुख्यमंत्री से उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात के बाद हुआ है। मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद राय ने संकेत दिया था कि इस साल के अंत में होने वाले झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले जद(यू) के साथ किसी तरह के तालमेल हो सकता है। झा ने अपने पोस्ट में लिखा, "हम जद(यू) परिवार में राय का स्वागत करते हैं। उनका (राय का) जद(यू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के माननीय मुख्यमंत्री के साथ व्यक्तिगत संबंध है। मुझे विश्वास है कि राय के शामिल होने से झारखंड में पार्टी का आधार मजबूत होगा।"

भाजपा से बगावत

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व नेता राय ने 2019 में विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी छोड़ दी थी। राय ने तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुबर दास जिनके मंत्रिमंडल में वे काम कर चुके हैं, के खिलाफ शानदार जीत हासिल की थी। राय ने चारा घोटाले को उजागर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

झारखंड में पांव जमाने की कोशिश में जदयू

लोकसभा चुनाव के बाद राजग के तीसरे सबसे बड़े घटक दल के रूप में उभरी जद(यू) अब झारखंड में अपना आधार मजबूत कर रही है। जद (यू) के लोकसभा में 12 सदस्य हैं। झारखंड में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। जून के आखिरी हफ्ते में दिल्ली में हुई जद(यू) की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में इस आशय का प्रस्ताव पारित किया गया था।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article