Deoghar Accident News: झारखंड के देवघर में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां एक बस और ट्रक के बीच टक्कर हो गई। जिसमें पांच कांवड़ियों की मौत हो गई और 23 लोग घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि कांवड़ियों को ले जा रही एक बस मोहनपुर थाना क्षेत्र के जमुनिया जंगल के पास तड़के करीब साढ़े चार बजे गैस सिलेंडर ले जा रहे एक वाहन से टकरा गई। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस हादसे पर दुख जताया है।
दुमका क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘‘देवघर के मोहनपुर थाना क्षेत्र के जमुनिया जंगल के पास कांवड़ियों से भरी 32 सीट वाली बस और गैस सिलेंडर ले जा रहे एक ट्रक के बीच टक्कर हो गई। इस हादसे में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।’’ हालांकि, यातायात पुलिस उपाधीक्षक लक्ष्मण प्रसाद ने कहा कि दुर्घटना में कम से कम नौ लोगों की मौत हुई है और घायलों को अस्पताल भेजा जा रहा है।
मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका
एक अधिकारी ने बताया कि घायलों में से कई की हालत गंभीर होने के कारण हताहतों की संख्या बढ़ने की आशंका है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन को सूचित कर दिया गया है और घायलों को पास के अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में पहुंचाया जा रहा है।
(इनपुट - भाषा)
