राँची

Jharkhand: गिरिडीह में एक महिला और उसके दो बच्चों का शव बरामद, पुलिस हिरासत में पति

झारखंड के गिरिडीह में एक पेड़ पर मां-बेटे का शव लटका मिला। महिला की बेटी का शव भी तालाब में तैरता मिला। जब गांव के कुछ लोग तालाब की ओर गए, तब उन्हें इस घटना का पता चला। जिसके बात पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस ने महिला के पति को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

Image

फाइल फोटो

Jharkhand Crime: झारखंड के गिरिडीह में तिसरी प्रखंड के बरदौनी गांव में मंगलवार को एक महिला और उसके दो बच्चों का शव एक तालाब के पास से बरामद हुआ।महिला रेणु टुडू और उसके छह साल के पुत्र सचित हेंब्रम का शव तालाब के किनारे एक पेड़ पर फंदे से लटका मिला, जबकि उसकी आठ साल की बच्ची सरिता हेंब्रम का शव तालाब में तैरता पाया गया। पुलिस ने इस मामले में महिला के पति चारो हेंब्रम को हिरासत में लिया है।

घटना की जानकारी मंगलवार को गांव के लोगों को तब हुई, जब कुछ लोग तालाब की तरफ गए थे। उन्होंने पेड़ पर महिला और बच्चे का शव लटकता देखा। खबर तेजी से बरदौनी सहित आसपास के गांवों में फैली। इसके बाद वहां बड़ी संख्या में लोग जुट आए। इसी बीच लोगों ने तालाब में बच्ची का भी शव तैरता देखा। ग्रामीणों ने ही उसे बाहर निकाला। सूचना पाकर लोकाई-नयनपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में महिला के पति और बच्चों के पिता को हिरासत में लिया गया। उससे पूछताछ जारी है।

एक दिन पहले हुआ था झगड़ा

बताया जा रहा है कि एक दिन पहले चारो हेंब्रम और उसकी पत्नी रेणु टुडू के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। पड़ोसियों ने झगड़ा शांत कराया था। माना जा रहा है कि तीनों की मौत के पीछे पति-पत्नी का विवाद है। जिस तालाब के पास तीनों के शव मिले हैं, वह उनके घर से करीब ढाई किलोमीटर दूर है।पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। यह साफ नहीं हो पाया है कि महिला ने अपने दोनों बच्चों की हत्या के बाद खुदकुशी कर ली या फिर किसी ने तीनों की हत्या कर दी।

स्थानीय ग्रामीण इस घटना में चारो हेंब्रम की भूमिका को संदिग्ध मान रहे हैं। घटनास्थल पर पहुंचे खोरीमहुआ सबडिविजन के एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि पुलिस इस मामले में सभी संभावनाओं पर तहकीकात कर रही है। फिलहाल हम किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच पाए हैं। फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य इकट्ठा किए गए हैं। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article