लखनऊ

'देश का बहुत बड़ा तबका आपको प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहता है', जानें योगी आदित्यनाथ का जवाब

न्यूज एजेंसी पीटीआई के साथ इंटरव्यू के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पूछा गया कि देश का बहुत बड़ा तबका आपको प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहता है, इस पर आपकी क्या राय है? यूपी के मुख्यमंत्री ने इस पर कहा कि वह फुल टाइम पॉलिटिशियन नहीं हैं। जानें आगे क्या कहा -

Image

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

Photo : PTI

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने न्यूज एजेंसी PTI को एक खास इंटरव्यू दिया। इस इंटरव्यू के दौरान उनसे सड़क पर नमाज, बुल्डोजर एक्शन, वक्फ संशोधन बिल सहित तमाम प्रश्न पूछे गए, जिनका उन्होंने बेबाकी से जवाब दिया। इंटरव्यू में उनसे प्रधानमंत्री के तौर पर देश का नेतृत्व करने के संबंध में भी पूछा गया, जिसका उन्होंने जवाब भी दिया। चलिए जानते हैं -

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पूछा गया कि RSS आपको पसंद करता है, मोदी जी आपको पसंद करते हैं। वे आपको UP और योगी मिलाकर UPयोगी कहते हैं। इस देश में एक बहुत बड़ा तबका आपको कभी न कभी प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहता है। इस बारे में आप क्या कहेंगे?

इस प्रश्न के उत्तर में योगी आदित्यनाथ ने कहा, 'मैं उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री हूं, यूपी की जनता के लिए पार्टी में मुझे यहां लगाया है और राजनीति मेरे लिए फुलटाइम जॉब नहीं है। ठीक है, इस समय हम यहां काम कर रहे हैं। लेकिन मैं वास्तव में हूं तो एक योगी ही। हम लोग जिस समय तक हैं, हैं... काम कर रहे हैं। इसकी भी एक समय-सीमा होगी।'

भाषा विवाद पर बेबाक योगी

देश में भाषा विवाद पर योगी आदित्यनाथ ने बेबाकी से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, यूपी में हम तमिल भी पढ़ा रहे हैं। तेलुगू भी पढ़ा रहे हैं, मलयालम भी पढ़ा रहे हैं, कन्नड़ भी पढ़ा रहे हैं, बंगाली भी पढ़ा रहे हैं, मराठी भी पढ़ा रहे हैं। क्या उससे यूपी छोटा हो गया क्या? यूपी में रोजगार के नए अवसर खुल रहे हैं। नए लोगों के लिए जॉब क्रिएट हो रहे हैं।

उन्होंने कहा, जो लोग अपनी संकीर्ण राजनीतिक स्वार्थों के चलते ये भाषा विवाद खड़ा कर रहे हैं। उससे उनका राजनीतिक उल्लू तो सीधा हो सकता है, लेकिन युवाओं के रोजगार में वह एक प्रकार से प्रहार कर रहे हैं। चाहे ऐसा करने वाले कोई भी हों, यही कारण है कि वे राज्य धीरे-धीरे करके पिछड़ते जा रहे हैं। उन्होंने स्टालिन का नाम लिए बिना कहा कि उनके पास कोई और मुद्दा तो है नहीं, इसी प्रकार के मुद्दों को भड़का-भड़का करके ये लोग अपने राजनीतिक उल्लू को सीधा करते हैं।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article