राँची

झारखंड में आकाशीय बिजली का कहर, 2 लोगों की मौत, 13 घायल

झारखंड के हजारीबाग में खराम मौसम के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से 2 लोगों की मौत और 13 लोगों के घायल होने की खबर है।

Image

Jharkhand lightning

हजारीबाग : जिले में विभिन्न स्थानों पर शुक्रवार को आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई और 13 अन्य घायल हो गए। एक अधिकारी ने बताया कि कटकमसांडी और लुपुंग क्षेत्र सहित जिले के विभिन्न हिस्सों से अपराह्न तीन बजे से शाम पांच बजे के बीच आकाशीय बिजली गिरने की खबरें आईं।

भाषा के हवाले से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, अधिकारी ने बताया कि जिले में भारी बारिश के दौरान बिजली गिरने से धान के खेत में काम कर रहे एक पुरुष और एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल लाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

बिहार में ठनका ने ली 32 जानें

उधर, पड़ोसी राज्य बिहार में पिछले 48 घंटों के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में कम से कम 34 लोगों की मौत हो गई और छह अन्य लोग घायल हो गए। राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। विभाग ने बताया कि सबसे ज्यादा छह-छह लोगों की मौत नालंदा व वैशाली जिलों में हुई। वहीं शेखपुरा में पांच, पटना व औरंगाबाद में तीन-तीन, नवादा व बांका में दो-दो लोगों की मौत हुई। इसके अलावा, भोजपुर, भागलपुर, रोहतास, गयाजी, समस्तीपुर और जमुई जिलों में छह लोगों की मौत हुई। बिहार के विभिन्न जिलों में अप्रैल में आकाशीय बिजली और तूफान की चपेट में आने से 90 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी तथा फसलों व घरों को भी भारी नुकसान हुआ था।

नागपुर में आकाशीय बिजली का कहर

महाराष्ट्र के नागपुर जिले के रामटेक तहसील के सनेघाट गांव में भी शुक्रवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से दो महिलाओं की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गईं। अधिकारी ने बताया कि ये महिलाएं खेत में मजदूरी का काम करती थीं। पांच अन्य लोग घायल हुए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अधिकारी ने कहा, "धान की बुआई का काम करने के बाद 25 महिलाओं का एक समूह आलूबुखारा (प्लम) के पेड़ के नीचे दोपहर का भोजन कर रहा था, तभी बिजली गिरी, जिससे मंगलाबाई मोटघरे (40) और वर्षा हिंगे (33) की मौत हो गई। घटना में पांच महिलाएं जख्मी हो गईं, जिन्हें रामटेक उप-जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत खतरे से बाहर है। समूह में शामिल अन्य महिलाएं सुरक्षित हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article