शहर

'रामलला सबके हैं, दोषियों को बख्शा न जाए'; राम मंदिर में चोरी से आहत हुए इकबाल अंसारी

इकबाल अंसारी ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है, जहां बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने अपनी श्रद्धा से दान दिया है। जब मुझे पता चला कि राम मंदिर में चोरी हुई है, तो मुझे बहुत दुख हुआ।

Image

इकबाल अंसारी। (फोटो- ANI)

राम मंदिर में दान चोरी के मामले में अब बाबरी मस्जिद के पूर्व वादी रहे हाशिम अंसारी के पुत्र इकबाल अंसारी ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने राम जन्मभूमि मंदिर के दान में चोरी की घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि जब उन्हें मीडिया के माध्यम से इस घटना की जानकारी मिली तो वह बेहद आहत हुए और उनकी आंखों से आंसू निकल आए। बता दें कि इकबाल अंसारी को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में आमंत्रित किया गया था।

श्रीराम जन्मभूमि मंदिर सबकी आस्था का केंद्र

इकबाल अंसारी ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है, जहां बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने अपनी श्रद्धा से दान दिया है। उन्होंने कहा कि मंदिर में सभी धर्मों के लोग दर्शन करने आते हैं और वह स्वयं भी भगवान राम में आस्था रखते हैं।

उन्होंने कहा, "जब मुझे पता चला कि राम मंदिर में चोरी हुई है, तो मुझे बहुत दुख हुआ। मैं इस घटना से इतना आहत हुआ कि रो पड़ा। जिन लोगों को मंदिर की सेवा करनी चाहिए थी, उन्हीं पर मंदिर के अंदर चोरी करने का आरोप लगना बेहद शर्मनाक और दुखद है।"

पीएम मोदी और सीएम योगी पर जताया भरोसा

इस दौरान इकबाल अंसारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर सही कार्रवाई को लेकर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि वे दोनों लोग ईमानदारी से काम कर रहे हैं और उन्हें भरोसा है कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि चोरी के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी इस बात का संकेत है कि सरकार ने तत्काल कार्रवाई की है।

उन्होंने कहा, "मुझे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पूरा विश्वास है। वे कभी भी गलत होने नहीं देंगे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे।"

इस दौरान इकबाल अंसारी ने यह भी याद दिलाया कि उन्हें राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का निमंत्रण मिला था और उन्होंने समारोह में भाग लिया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अयोध्या आगमन पर उन्होंने पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया था। इसके अलावा राम मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा करने, प्रसाद वितरित करने और उन्हें पानी पिलाने जैसी सेवाओं में भी उन्होंने भाग लिया था।

उन्होंने कहा कि राम मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि देश की करोड़ों लोगों की आस्था और विश्वास का प्रतीक है। ऐसे स्थान पर चोरी जैसी घटना हर श्रद्धालु की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article