शहर

309 निकाय, 10,245 वार्ड... राजस्थान में निकाय चुनाव का ऐलान; दो चरणों में होगी वोटिंग

सदस्य यानी पार्षद के लिए मतदान दो चरणों में होगा। पहले चरण में नौ सितंबर और दूसरे चरण में 11 सितंबर को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतगणना 14 सितंबर को होगी। नगरीय निकायों के अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन कार्यक्रम की अधिसूचना 15 सितंबर को जारी की जाएगी।

Image

राजस्थान में निकाय चुनाव का ऐलान (फोटो-Istock)

जयपुर : राजस्थान के निर्वाचन आयोग ने सभी 309 नगरीय निकायों के चुनाव के लिए बुधवार को कार्यक्रम की घोषणा की। आयोग के अनुसार इन निकायों में दो चरण में चुनाव कराये जायेंगे। राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने बताया कि पहले चरण में नौ सितंबर को तथा दूसरे चरण में 11 सितंबर को मतदान होगा तथा परिणाम 14 सितंबर को आएगा। जिन 309 नगरीय निकायों में चुनाव करवाने की घोषणा की गई है, उनमें 10 नगर निगम, 47 नगर परिषद एवं 252 नगरपालिकाएं हैं। इनमें कुल 10,245 वार्ड हैं।

निकाय चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही सभी 309 शहरी निकायों में तत्काल प्रभाव से आदर्श आचार संहिता लागू हो गई। राज्य की भारतीय जनता पार्टी सरकार ने ’एक राज्य-एक चुनाव’ की अवधारणा की घोषणा की थी। राज्य के इतिहास में पहली बार सभी नगरीय निकायों में एक साथ चुनाव हो रहे हैं। सिंह ने कहा कि 27 अगस्त को चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। उम्मीदवार 31 अगस्त तक अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं। नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख तीन सितंबर है।

उन्होंने बताया कि सदस्य यानी पार्षद के लिए मतदान दो चरणों में होगा। पहले चरण में नौ सितंबर और दूसरे चरण में 11 सितंबर को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतगणना 14 सितंबर को होगी। नगरीय निकायों के अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन कार्यक्रम की अधिसूचना 15 सितंबर को जारी की जाएगी। इन पदों के लिए 21 सितंबर को सुबह 10 बजे से अपराह्न दो बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना की जाएगी।

नगर निगम जयपुर में सबसे अधिक मतदाता

नगरीय निकायों के उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन 22 सितंबर को होगा। उन्होंने बताया कि इन चुनावों में 309 नगरीय निकायों के कुल 1,44,03,853 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। इनमें 73,98,415 पुरुष और 70,04,927 महिला मतदाता हैं। नगर निगम जयपुर में सबसे अधिक 24,20,839 मतदाता हैं, जबकि नगरपालिका इंद्रगढ़ में सबसे कम 4,744 मतदाता हैं। आयु वर्ग के अनुसार, 18 से 25 वर्ष के 21,30,043 और 26 से 35 वर्ष के 36,60,211 मतदाता हैं। उन्होंने बताया कि नगरीय निकाय चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के माध्यम से कराए जाएंगे। आयोग ने चुनाव प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी, स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं।

कुल 10,245 वार्डों में मतदान के लिए 16,465 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि मतदान, मतगणना और अन्य चुनाव संबंधी कार्यों में करीब 1,15,255 कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए करीब 98,790 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।

आयोग द्वारा निर्धारित अधिकतम चुनाव खर्च की सीमा के अनुसार, नगर निगम पार्षद के लिए 3,50,000 रुपये, नगर परिषद पार्षद के लिए 2,50,000 रुपये और नगरपालिका सदस्य के लिए 1,50,000 रुपये की अधिकतम सीमा निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित नगरीय निकाय क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है और चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक प्रभावी रहेगी। चुनाव के लिए बड़ी संख्या में कर्मचारियों की आवश्यकता को देखते हुए संबंधित नगरीय निकाय क्षेत्र से होने वाले स्थानांतरण और वहां किए जाने वाले पदस्थापन से संबंधित स्थानांतरण पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article