शहर

राजस्थान पुलिस का वांटेड रामचंद्र CJP के जंतर-मंतर प्रदर्शन में दिखा? मंच पर मौजूदगी से उठे सवाल

दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए CJP के प्रदर्शन में राजस्थान पुलिस के वांटेड आरोपी रामचंद्र के शामिल होने का दावा सामने आया है। सूत्रों के अनुसार, उसकी तस्वीर मंच पर दिखाई दी। झुंझुनूं में उसके खिलाफ 17 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला दर्ज है।

Image

जंतर-मंतर प्रदर्शन में वांटेड आरोपी की मौजूदगी का दावा

Photo : Times Now Digital

दिल्ली में जंतर-मंतर पर हुए CJP प्रदर्शन से जुड़ी एक तस्वीर सामने आई है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि तस्वीर में नजर आ रहा शख्स राजस्थान पुलिस का वांटेड आरोपी रामचंद्र है। जिसके खिलाफ झुंझुनूं में कथित धोखाधड़ी का मामला दर्ज है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। इस तस्वीर के सामने आने के बाद अब सवाल उठ रहा है कि राजस्थान पुलिस का वांटेड आरोपी प्रदर्शन के मंच तक कैसे पहुंचा। हालांकि, तस्वीर में व्यक्ति की पहचान की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

मंच पर नेताओं के साथ दिखने का दावा

सूत्रों के अनुसार, दिल्ली पुलिस की जांच के दौरान यह तस्वीर सामने आई है, जिसमें एक व्यक्ति मंच पर दिखाई दे रहा है। उसकी पहचान रामचंद्र के रूप में बताए जाने का दावा किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि वह सिर्फ मंच पर ही नहीं, बल्कि जंतर-मंतर पर CJP नेताओं की गतिविधियों के दौरान भी उनके आसपास ही नजर आया।

झुंझुनूं में दर्ज है धोखाधड़ी का मामला

जानकारी के मुताबिक, राजस्थान के झुंझुनूं कोतवाली थाने में फरवरी 2025 में रामचंद्र के खिलाफ FIR दर्ज की गई थी। शिकायत के अनुसार, रामचंद्र ग्रेटर नोएडा की अव्यन ऑटोमोटिव प्राइवेट लिमिटेड के जरिए वाहनों की खरीद-बिक्री का काम करता था। शिकायतकर्ता साजिद दीवान ने आरोप लगाया कि रेंज रोवर डिफेंडर-130 दिलाने के नाम पर उससे कुल 17 लाख रुपये एडवांस लिए गए थे। शिकायत के अनुसार, पीड़ित ने 6 मार्च 2024 को 7 लाख और 8 मार्च को 10 लाख रुपये दिए थे।

छह महीने में कार देने का किया गया था दावा

शिकायतकर्ता का आरोप है कि उन्हें छह महीने के अंदर वाहन दिलाने का भरोसा दिया गया था। लेकिन तय समय बीत दने के बाद न तो कार मिली और न ही कथित तौर पर रकम वापस की गई। शिकायत में पीड़ित ने बताया कि जब उसने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज की और धमकी भी दी। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने IPC की धारा 420 और 406 के तहत मामला दर्ज किया था।

पुलिस को तलाश, जंतर-मंतर पहुंचने का दावा

सूत्रों के अनुसार, राजस्थान पुलिस को जब रामचंद्र के जंतर-मंतर पर होने की सूचना मिली तो 19 जुलाई को पुलिस टीम वहां पहुंची थी। दावा है कि उस दौरान रामचंद्र छात्रों के बीच और प्रदर्शन के मुख्य मंच के आसपास ही मौजूद था। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस टीम के लिए उस वक्त आरोपी को वहां से हिरासत में लेना संभव नहीं हो सका। राजस्थान पुलिस अब उसकी तलाश में जुटी है।

कई लोगों से धोखाधड़ी के आरोप

सूत्रों का यह भी दावा है कि रामचंद्र पर वाहन बेचने के नाम पर अन्य लोगों से कथित तौर पर धोखाधड़ी करने के आरोप भी हैं। इनमें एक रेडियो जॉकी (RJ) के साथ कथित लेनदेन का मामला भी सामने आया है। हालांकि इन अतिरिक्त आरोपों की अभी तक स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। राजस्थान पुलिस के मुताबिक, आरोपी लगातार फरार चल रहा है और उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल पूरे मामले में यह स्पष्ट होना बाकी है कि जंतर-मंतर की तस्वीर में दिखाई दे रहा व्यक्ति वास्तव में वही रामचंद्र है या नहीं। पुलिस जांच के बाद ही उसकी मौजूदगी और प्रदर्शन में उसकी भूमिका को लेकर स्थिति साफ हो सकेगी।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article