राजस्थान में आज का मौसम (28 Jan 2026): राजस्थान के लोगों को एक बार फिर तेज ठंड का सितम झेलना पड़ सकता है। मंगलवार को हुई बारिश के बाद राज्य में फिर ठंड बढ़ गई है। आज कई जिलों में शीतलहर की स्थिति भी देखने को मिल सकती है। जिससे तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की कमी आने की संभावना है। इसके अलावा सुबह के समय कई जिलों में घना कोहरा भी छाया रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में बैक टू बैक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आने के कारण आगामी एक-दो सप्ताह तक तेज ठंड का दौर जारी रह सकता है। आइए जानते हैं कि राजस्थान में आज कैसा मौसम रहेगा:
राजस्थान में आज का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में आज 11 जिलों में घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की गई है। जिनमें गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं, अलवर, सीकर, जयपुर, दौसा, धौलपुर, भरतपुर और करौली शामिल हैं। राजधानी जयपुर समेत कई जिलों में आज सुबह भी घने बादल छाए हुए देखने को मिले। IMD के अनुसार बुधवार से राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। साथ ही तेज उत्तरी हवाएं भी चल सकती हैं। जिसके प्रभाव से तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। साथ ही सुबह के समय कहीं-कहीं घना कोहरा भी छाया रह सकता है।
राजस्थान में फिर आंधी-बारिश का दौर
राजस्थान में नए वेदर सिस्टम के प्रभाव से मंगलवार को मौसम में बदलाव देखने को मिला। इस सिस्टम के कारण राज्य में ह्यूमिडिटी भी बढ़ गई है। जिसकी वजह से अगले दो दिन घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। साथ ही आज से कई जिलों में शीतलहर फिर से चलने के आसार हैं। जिसके कारण दिन-रात गलन वाली सर्दी का एहसास फिर से होगा। IMD के अनुसार 31 जनवरी और 1 फरवरी को एक और नया पश्चिमी विक्षोभ राजस्थान को प्रभावित कर सकता है। जिसके कारण राज्य में बारिश और आंधी का दौर फिर से शुरू होने की संभावना है।
हनुमानगढ़ में सबसे ठंडा दिन
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में मंगलवार को सबसे ठंडा दिन हनुमानगढ़ में रहा, यहां का अधिकतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते 24 घंटे में कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। साथ ही कहीं-कहीं ओले भी गिरे। जिसके कारण राज्य के कई शहरों में अधिकतम तापमान 20 डिग्री से नीचे बना रहा। इस दौरान सबसे कम न्यूनतम तापमान अलवर में 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
