शहर

राजस्थान का मौसम (30 April 2026) Rajasthan Weather Today: प्रचंड गर्मी से मिली राहत, आज 8 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट

राजस्थान का मौसम (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 30 April 2026: आज राजस्थान के 8 जिलों में बारिश और आंधी का येलो अलर्ट जारी किया गया है। जानिए आज कैसा रहेगा राजस्थान का मौसम -

Image

राजस्थान के 8 जिलों में आज बारिश और आंधी का अलर्ट

Rajasthan Weather Today: राजस्थान में इन दिनों प्रचंड गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। हालांकि, पिछले दो दिनों से पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के प्रभाव के चलते कई इलाकों में आंधी और बारिश का दौर भी देखने को मिला है। कुछ शहरों और ग्रामीण इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई है। इसके चलते तेजी से बढ़ते तापमान पर न सिर्फ ब्रेक लगा है, बल्कि तापमान में गिरावट भी दर्ज की गई है। कल यानी बुधवार 29 अप्रैल को भी जोधपुर और कोटा संभाग सहित राजस्थान के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली। इस बदलाव ने लोगों को भीषण गर्मी और हीटवेव से बड़ी राहत दी है।

आज 8 जिलों में बारिश आंधी का येलो अलर्ट

जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र ने आज यानी गुरुवार 30 अप्रैल के लिए राजस्थान के 8 जिलों में बारिश और आंधी का येलो अलर्ट जारी किया है। भारत मौसम विभाग ने आज गुरुवार और कल शुक्रवार को भी कई जिलों में आंधी व बारिश की संभावना जताई है। यानी मई महीने की शुरुआत बारिश और आंधी के साथ होगी, जिससे गर्मी से कुछ हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। इसलिए सलाह दी जाती है कि आंधी के समय पेड़ों और ढीली संरचनाओं के आसपास न रहें।

10 से ज्यादा शहरों में पारा 40 से नीचे

मौसम विभाग के मुताबिक, श्रीगंगानगर, सीकर और पिलानी सहित राज्य के 10 से ज्यादा शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। जबकि इसी हफ्ते की शुरुआत में ज्यादातर शहरों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर चला गया था, कहीं-कहीं तो पारा 45 डिग्री के मार्क को भी पार कर गया था।

चित्तौड़गढ़ सबसे गर्म जिला

बुधवार को राजस्थान के ज्यादातर जिलों में सुबह से दोपहर तक तो मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर बाद अचानक आसमान में बादल छाने लगे। फिर कुछ ही देर में कई जगह बारिश शुरू हो गई। बुधवार को चित्तौड़गढ़ राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।

गुलाबी नगरी जयपुर में बढ़ी उमस

रेगिस्तानी जिले जैसलमेर पारा 42.6 डिग्री पर रहा, जबकि बाड़मेर में 42 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। बीकानेर में तापमान 41.4, कोटा और जोधपुर में अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री रहा और इन जिलों में बुधवार को भी लोगों ने अच्छी खासी गर्मी झेली। राजधानी जयपुर में बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 41 डिग्री रहा। आसमान से जो बूंदें गिरीं, उनके कारण गुलाबी नगरी में उमस बढ़ गई।

सीकर में 9 दिन बाद पारा 40 से नीचे

उदयपुर में तापमान 40.5 डिग्री रहा और जोधपुर में दिन में गर्मी के बाद शाम को बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया। सीकर में पिछले कई दिनों से प्रचंड गर्मी पड़ रही है, लेकिन बुधवार को 9 दिन बाद पारा 40 डिग्री से नीचे आया। अजमेर में भी दिनभर तेज धूप के बाद शाम को आंधी-बारिश लोगों के लिए राहत लेकर आई। अलवर में एक बार फिर ओलावृष्टि और तेज बारिश होने से तापमान में गिरावट आई।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article