शहर

राजस्थान का मौसम (25 June 2026) Rajasthan Weather Today: बरखा आई, राहत लाई; आज और कल 25 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

राजस्थान का मौसम (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 25 June 2026: राजस्थान के 25 जिलों में आज और कल के लिए आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मानसून की सक्रियता बढ़ने से कई इलाकों में बुधवार को भी अच्छी बारिश हुई।

Image

राजस्थान में आज कैसा रहेगा मौसम का मिजाज

राजस्थान में आज का मौसम (Rajasthan Weather Today 25 जून 2026): राजस्थान में मानसून तेजी से सक्रिय हो रहा है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने आज यानी गुरुवार 25 जून को राज्य के 25 जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है। बुधवार 24 जून को राज्य के कई हिस्सों में प्री-मानसून और मानसूनी भी हुई। मानसूनी बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी। हालांकि, पश्चिमी राजस्थान के कुछ जिलों में अब भी प्रचंड गर्मी का प्रकोप बना हुआ है।

बुधवार 24 जून को भरतपुर, जयपुर, नागौर, सीकर और श्रीगंगानगर सहित कई जिलों में एक इंच तक बारिश हुई। जबकि श्रीगंगानगर राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा फलोदी में 42, जैसलमेर में 40.7, बीकानेर में 40.4 और बाड़मेर में पारा 40.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा।

इन इलाकों में उमस से परेशान रहे लोग

राज्य के उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी जिलों में बारिश के साथ उमस से दिनभर लोग परेशान रहे। पश्चिमी इलाकों में गर्म हवाओं और तेज धूप के कारण लोगों की दिक्कतें बढ़ी रहीं। जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा, बीकानेर और उदयपुर संभाग के कई हिस्सों में दिनभर बादल छाए रहे और मौसम में नमी महसूस की गई।

नागौर में 47 MM बारिश रिकॉर्ड की गई

नागौर के लाडनूं में बुधवार को सबसे ज्यादा 47 एमएम बारिश हुई। भरतपुर के कामां में 40 एमएम, हनुमानगढ़ के डबलीराठन में 36 एमएम, सीकर के रींगस में 31 एमएम और श्रीगंगानगर के लालगढ़ जाटान में 26 एमएम बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा झुंझुनूं, अलवर, बारां, झालावाड़ और चित्तौड़गढ़ के कुछ इलाकों में भी हल्की बारिश और बूंदाबांदी देखने को मिली।

जयपुर में कहां हुई सबसे ज्यादा बारिश

राजधानी जयपुर में दिनभर उमस भरा मौसम बना रहा। जिले के चौमूं में 25 एमएम और जमवारामगढ़ में 20 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं जोधपुर में बादलों की आवाजाही के बावजूद गर्मी और उमस से राहत नहीं मिली। उदयपुर में भी तेज धूप के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

आज और कल भी कई जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार आज और कल पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में तेज हवाओं, गरज-चमक और मध्यम बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। कुछ इलाकों में तेज बारिश भी देखने को मिल सकती है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और खुले इलाकों में जाने बचने की सलाह दी है।

मानसून की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए आने वाले दिनों में राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में तापमान में गिरावट और बारिश की संभावना बनी हुई है। राजस्थान के लोगों के लिए यह खुशखबरी है, क्योंकि बारिश भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत लेकर आएगी।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article