शहर

राजधानी की बिरयानी में निकली मक्खी, IRCTC ने परोसा जुर्माना; लाइसेंस पर भी लटकी तलवार

तेजस राजधानी एक्सप्रेस में मंगलवार को एक यात्री ने वेज बिरयानी में मक्खी मिलने की शिकायत की। IRCRC ने संबंधित केटरिंग कंपनी पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही कारण बताओ नोटिस जारी किया। कंपनी से पूछा गया है कि खराब भोजन परोसने के मामले में उसका लाइसेंस क्यों न कैंसिल किया जाए।

Image

Train Food

अहमदाबाद-मुंबई तेजस राजधानी एक्सप्रेस में एक यात्री को परोसी गई वेज बिरयानी में मक्खी मिलने का मामला सामने आया है। जिसके बाद आईआरसीटीसी ने इस मामले में सख्त कार्रवाई की है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए रेलवे की खानपान इकाई ने संबंधित केटरिंग कंपनी पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही कारण बताओ नोटिस जारी करके पूछा है कि उसका लाइसेंस क्यों न रद्द कर दिया जाए।

केटरिंग स्टाफ ने मांगी माफी

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता यात्री मंगलवार को अहमदाबाद-मुंबई तेजस राजधानी एक्सप्रेस से यात्रा कर रहा था। आईआरसीटीसी अधिकारियों ने बताया, "यात्री ने ट्रेन में खाने के लिए कॉम्बो लंच का विकल्प चुना था। जब उसने अपनी वेज बिरयानी में मक्खी होने की शिकायत की, तो ट्रेन कैप्टन और कैटरिंग प्रबंधन ने तुरंत उस पर ध्यान दिया। यात्री ने उसे परोसे गए खाने की गुणवत्ता खराब होने की भी शिकायत की।" उन्होंने बताया, "संबंधित स्टाफ ने यात्री को हुई असुविधा के लिए माफी मांगी और उसे दूसरी बिरयानी देने की पेशकश की, लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं हुआ।"

केटरिंग फर्म पर एक लाख का जुर्माना लगा

आईआरसीटीसी ने कहा कि मामले में संबंधित केटरिंग फर्म ’आराहा हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड’ पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है और उसे ’कारण बताओ नोटिस’ जारी कर पूछा है कि मामले में क्यों न उसका लाइसेंस रद्द कर दिया जाए। यह घटना ट्रेनों में परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता पर एक बार फिर सवाल खड़े कर रही है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article