शहर

राजस्थान का मौसम (11 June 2026) Rajasthan Weather Today: 3 दिन की छुट्टी पर गई प्रचंड गर्मी, 12 जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट

राजस्थान का मौसम (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 11 June 2026: राजस्थान में एक्टिव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते आज 12 जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आगामी 14 जून तक मौसम में बदलाव के चलते गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।

Image

राजस्थान में आज कई जिलों में आंधी -बारिश का अलर्ट

राजस्थान में आज का मौसम (Rajasthan Weather Today 11 जून 2026): राजस्थान में भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने आज यानी गुरुवार 11 जून से मौसम में बड़े बदलाव की संभावना जताई है। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी संभावना है। मौसम विभाग ने राजधानी जयपुर, अलवर सहित 12 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

जयपुर, बीकानेर और भरतपुर में होगी बारिश

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक यह मजबूत मौसम तंत्र रविवार 14 जून तक सक्रिय रह सकता है, जिससे राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज होने की उम्मीद है। बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की भी संभावना जताई गई है।

श्रीगंगानगर, चूरू, फलोदी का तापमान

कल यानी बुधवार 10 जून को राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा और तेज धूप ने लोगों को दिनभर बेहाल किया। सबसे ज्यादा तापमान श्रीगंगानगर में 45.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इसके अलावा चूरू में 44.7, फलोदी में 43.8, जैसलमेर में 43, बीकानेर में 42.4 और बाड़मेर में 42.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

अलवर में तेज धूप और गर्मी से बेहाल लोग

राजधानी जयपुर में भी बुधवार को गर्मी का असर पूरे दिन बना रहा। यहां अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि रात का तापमान भी 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रहा। अलवर में पिछले कुछ दिनों से मिल रही राहत के बाद बुधवार को एक बार फिर तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी।

कोटा, जोधपुर, सीकर में गर्मी-उमस का असर

उदयपुर, अजमेर, कोटा, जोधपुर और सीकर में भी गर्मी और उमस का असर कल पूरे दिन साफ दिखाई दिया। कोटा में अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री और जोधपुर में 40.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। अजमेर में सुबह के समय नमी 71 फीसद तक पहुंचने से उमस ज्यादा महसूस की गई।

मौसम विभाग का अनुमान है कि आज यानी गुरुवार 11 जून से शुरू होने वाला बारिश और आंधी का दौर तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट ला सकता है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।

अगले कुछ दिन राहत भरे

प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, पेड़ों और कमजोर ढांचों से दूर रहने तथा बिजली गिरने की आशंका वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। राजस्थान में अगले कुछ दिन मौसम के लिहाज से राहत भरे रहने की उम्मीद है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article