शहर

राजस्थान में आचार संहिता से पहले बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 26 IAS और 53 RAS अफसरों के तबादले, तुरंत जॉइनिंग के निर्देश

Rajasthan RAS Transfer List: राजस्थान में निकाय चुनाव की आचार संहिता से पहले बड़ा फेरबदल। सरकार ने 26 IAS और 53 RAS अधिकारियों के तबादले किए, 14 ट्रेनी IAS को भी मिली तैनाती।

Image

राजस्थान में आचार संहिता से पहले बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 26 IAS और 53 RAS अफसरों के तबादले, तुरंत जॉइनिंग के निर्देश

Rajasthan IAS Transfers: राजस्थान सरकार ने एक बड़े प्रशासनिक फेरबदल में भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 26 और राजस्थान प्रशासन सेवा (RAS) के 53 अधिकारियों का तबादला किया है। कार्मिक विभाग ने सोमवार देर रात इस बारे में अलग अलग आदेश जारी किए। आदेश के अनुसार, कई विकास प्राधिकरणों, शहरी निकायों और जिला स्तरीय पदों पर तैनात कई अधिकारियों का तबादला/पदस्थापन किया गया है।

देखें किसका कहां हुआ तबादला

भारतीय प्रशासनिका सेवा (IAS) अधिकारियों के तबादला आदेश के अनुसार अजमेर विकास प्राधिकरण की आयुक्त नित्या के. को ऊर्जा विभाग में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है।

इसी तरह जोधपुर में सरदार पटेल पुलिस विश्वविद्यालय की रजिस्ट्रार शिल्पा सिंह को आयोजना विभाग में संयुक्त सचिव पद पर नियुक्त किया गया है, जबकि जोधपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त उत्साह चौधरी का तबादला आपदा प्रबंधन और सहायता विभाग में संयुक्त सचिव के पद पर किया गया है।

श्रीगंगानगर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के तौर पर काम कर रहे आईएएस गिरधर को खैरथल-तिजारा में भिवाड़ी एकीकृत विकास प्राधिकार (बीडा) का मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। आईएएस प्रतिभा वर्मा को चिकित्सा और स्वास्थ्य विभाग का निदेशक नियुक्त किया गया है, जबकि अभिषेक जैन को श्रीगंगानगर ज़िला परिषद का मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।

इसी तरह गौरव बुडानिया को अजमेर नगर निगम का आयुक्त और जैसलमेर जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी के तौर पर काम कर रहीं रश्मि रानी को अजमेर विकास प्राधिकरण का आयुक्त नियुक्त किया गया है।

सरकार ने एक अलग आदेश में राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) के 53 अधिकारियों का भी तबादला किया। उल्लेखनीय है कि यह तबादले राज्य में शहरी स्थानीय निकायों और पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों से पहले हुए हैं। इससे पहले भी राज्य सरकार ने हाल में कई अधिकारियों के तबादले/पदस्थापन किए थे।

ट्रेनी IAS अफसरों को भी अलग-अलग जिलों में भेजा

14 ट्रेनी IAS अफसरों को भी अलग-अलग जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में ओएसडी के पद पर पोस्टिंग दी है। बता दें कि निकाय चुनावों की आचार संहिता से पहले IAS और RAS अफसरों के तबादले किए हैं। दरअसल, एक जगह तीन साल या इससे ज्यादा समय से पोस्टेड अफसरों को राज्य निर्वाचन आयोग ने हटाने के निर्देश दिए थे। पिछले सप्ताह भी RAS अफसरों के तबादले किए थे।

वहीं, शहरी निकाय चुनावों की आचार संहिता आज या कल में लगने की संभावना है। आचार संहिता जल्द लगने की संभावना के कारण कार्मिक विभाग ने तबादला आदेशों में ही सभी आरएएस अफसरों को तत्काल नई जगह जॉइन करने को कहा है। सभी कलेक्टरों और विभागाध्यक्षों को अपने-अपने विभागों में तबादला वाले आरएएस अफसरों को तत्काल रिलीव करने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही आरएएस अफसरों को तुरंत नए पदों पर जॉइनिंग के निर्देश दिए गए हैं। ऐसा नहीं करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article