Jhunjhunu ATM Cash Scam: राजस्थान के झुंझुनूं जिले में एटीएम में नकदी भरने वाली CMS कंपनी से जुड़े एक बड़े कैश घोटाले का मामला सामने आया है। कंपनी के दो कर्मचारी करोड़ों रुपये की कथित हेराफेरी कर फरार हो गए हैं। शुरुआती ऑडिट में 17 एटीएम से 83 लाख रुपये से अधिक की कैश गायब मिला है। कंपनी को आशंका है कि सभी मशीनों की जांच पूरी होने के बाद गबन की रकम एक करोड़ रुपये से भी ज्यादा हो सकती है। इस घटना के बाद सीएमएस कंपनी के साथ ही कई बैंकों में हड़कंप मच गया।
दो कर्मचारी अचानक हुए लापता
जानकारी के मुताबिक, CMS कंपनी झुंझुनूं, पिलानी और चिड़ावा के कई बैंकों के एटीएम में कैश भरने का काम करती है। कंपनी के दो कर्मचारी सुमेर सिंह और संदीप सिंह पिछले लगभग एक साल से इस जिम्मेदारी को संभाल रहे थे। शनिवार को दोनों कर्मचारी अचानक लापता हो गए। हैरानी की बात यह है कि वे कैश वैन में सभी एटीएम की चाबियां छोड़कर गायब हो गए। इसके बाद कंपनी को शक हुआ और दोनों कर्मचारियों की तलाश शुरू की गई। लेकिन अभी तक उनकी कोई जानकारी नहीं मिली है।
ऑडिट में सामने आया बड़ा घोटाला
दोनों कर्मचारियों के गायब होने के बाद कंपनी ने उनके जिम्मे वाले सभी एटीएम की आंतरिक जांच शुरू करवाई। अब तक पिलानी और चिड़ावा क्षेत्र के करीब 17 एटीएम की ऑडिट पूरी हो चुकी है, जिसमें 83 लाख रुपये से अधिक कैश कम पाया गया। प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि पिलानी क्षेत्र की एक एटीएम साइट पर लगी दो मशीनों से ही करीब 38 लाख रुपये गायब हैं। दोनों कर्मचारियों के पास कुल 28 एटीएम मशीनों की जिम्मेदारी थी। जिनकी जांच कंपनी कर रही है। पिलानी की सभी एटीएम की अपनी इंटरनल आडिट पूरी कर ली गई है। रात को चिड़ावा की एटीएम की आडिट की गई। आज झुंझुनूं जिला मुख्यालय की तीन एटीएम मशीनों की जांच की जाएगी। अधिकारियों का मानना है कि अंतिम ऑडिट रिपोर्ट आने के बाद गबन की राशि एक करोड़ रुपये से भी ज्यादा हो सकती है।
पुलिस को दी शिकायत
मामले की गंभीरता को देखते हुए CMS कंपनी के सीकर शाखा प्रबंधक गौरव सिंह सोलंकी ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह राजावत से मुलाकात की और उन्हें पूरे मामले की जानकारी दी। साथ ही पिलानी थाने में दोनों कर्मचारियों के खिलाफ लिखित शिकायत भी दी गई है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने कंपनी से सभी एटीएम की अंतिम ऑडिट रिपोर्ट और कुल गबन की राशि उपलब्ध कराने को कहा है। रिपोर्ट मिलने के बाद एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी। फिलहाल पुलिस भी पूरे मामले पर नजर बनाए हुई है।
2016 के बाद फिर सामने आया बड़ा मामला
झुंझुनूं जिले में एटीएम कैश गबन का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले साल 2016 में भी कैश वैन से जुड़े दो कर्मचारी लाखों रुपये और कैश वैन लेकर फरार हो गए थे। करीब एक दशक बाद फिर इसी तरह की घटना सामने आने से बैंकिंग व्यवस्था और एटीएम कैश मैनेजमेंट सिस्टम की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
