Weather Update : दिल्ली समेत देश भर के कई राज्यों में मौसम इन दिनों काफी बदला हुआ है। वहीं, बंगाल की खाड़ी से आ रही हवाओं के चलते छत्तीसगढ़ में भी मौसम बदल चुका है। विशेषज्ञों का कहना है कि चूंकि अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है इसलिए आने वाले तीन दिन तक प्रदेश के लोगों को गर्मी से आराम मिलता रहेगा। हालांकि मंगलवार रात तक राज्य के कुछ हिस्सों में तेज आंधी के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। कुछ जिलों के लिए ऑरेंज व येलो अलर्ट जारी करते हुए कहा गया है चार मई के बाद गर्मी में बढ़ोतरी हो सकती है।
10 सालों का टूटा रिकॉर्ड
अप्रैल महीने में गर्मी से राहत मिलने के मामले में प्रदेश ने पिछले 10 सालों का रिकॉर्ड तोड़ा है। इसीलिए यहां के तापमान में औसतन तीन डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। रायपुर का अधिकतम तापमान 30 अप्रैल को सामान्य से 16 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान भी लुढ़का हुआ दिखा।
हल्की ठंड के साथ हुई मई की शुरुआत
मई के शुरुआती दिनों में ही रायपुर के साथ पूरे प्रदेश को मौसम से बड़ी राहत मिली। जहां एक ओर अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस तो वहीं न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विशेषज्ञों ने भी यही कहा कि खाड़ी से नम हवा आने के कारण मौसम ऐसा बना हुआ है और आने वाले तीन दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा।
यहां पर ऑरेंज और येलो अलर्ट
मौसम को देखते हुए विभाग ने महासमुंद, जांजगीर, बेमेतरा, राजनांदगांव, बिलासपुर, दुर्ग, बलौदाबाजार, मुंगेली, कबीरधाम, कोरबा और रायपुर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, जशपुर, बस्तर, बीजापुर, सूरजपुर, रायगढ़, गरियाबंद, बलरामपुर, सुकमा, सरगुजा, कांकेर, कोंडागांव और धमतरी के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
Read the Raipur Latest News in Hindi, Raipur Local News in Hindi, Raipur Breaking News and Updates, Raipur News Headlines, Raipur Hindi News Paper & रायपुर (न्यूज़) समाचार @ Times Now Navbharat
