बिजनेस

दो सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 31.29 अरब डॉलर घटा, अब रह गया कितना?

Foreign Exchange Reserves: आरबीआई के आंकड़ों के अनुसार 2 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 12.95 अरब डॉलर घट गया। दो सप्ताह में 31.29 अरब डॉलर की कमी आई है।

Image

भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट

Photo : iStock

Foreign Exchange Reserves : भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार 2 अक्टूबर को समाप्त हुए सप्ताह में देश के विदेशी मुद्रा भंडार में भारी गिरावट दर्ज की गई है। इस सप्ताह के दौरान भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 12.95 अरब डॉलर घटकर 734.61 अरब डॉलर रह गया है। इससे पहले 25 सितंबर को समाप्त हुए सप्ताह में भी विदेशी मुद्रा भंडार में 18.34 अरब डॉलर की बड़ी कमी आई थी और यह घटकर 747.56 अरब डॉलर पर आ गया था। लगातार दो हफ्तों से हो रही इस गिरावट के कारण देश के कुल विदेशी मुद्रा कोष में दो सप्ताह में 31.29 अरब डॉलर उल्लेखनीय कमी देखने को मिली है।

उच्चतम स्तर से नीचे आया विदेशी मुद्रा भंडार

हाल ही में भारत के विदेशी मुद्रा भंडार ने एक नया रिकॉर्ड बनाया था। 4 सितंबर को समाप्त हुए सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार अपने अब तक के सबसे उच्चतम स्तर यानी 785.71 अरब डॉलर पर पहुंच गया था। इस सर्वकालिक रिकॉर्ड का मुख्य कारण प्रवासी भारतीयों (NRI) की जमा पर शुरू की गई विशेष रियायती अदला-बदली (स्वैप) योजना थी। इस योजना के माध्यम से भारतीय बैंकों ने विदेशी मुद्रा आकर्षित करते हुए लगभग 133 अरब डॉलर की रिकॉर्ड राशि जुटाई थी। हालांकि, अब विदेशी मुद्रा भंडार इस उच्चतम स्तर से नीचे आ चुका है।

विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों और स्वर्ण भंडार में आई कमी

रिजर्व बैंक के आंकड़ों का विश्लेषण करें तो विदेशी मुद्रा भंडार के मुख्य घटकों में गिरावट दर्ज की गई है:-

  • विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां (FCA):- विदेशी मुद्रा भंडार का सबसे बड़ा हिस्सा मानी जाने वाली विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां 2 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में 10.66 अरब डॉलर घटकर 604.75 अरब डॉलर रह गईं। डॉलर के रूप में आंकी जाने वाली इन परिसंपत्तियों में यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी अंतरराष्ट्रीय मुद्राओं के मूल्यों में होने वाले उतार-चढ़ाव का सीधा प्रभाव पड़ता है।
  • स्वर्ण भंडार (Gold Reserves):- समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान देश के स्वर्ण भंडार के कुल मूल्य में भी गिरावट आई है। यह 2.29 अरब डॉलर घटकर 106.41 अरब डॉलर पर आ गया है।

आईएमएफ और विशेष आहरण अधिकार (SDR) की स्थिति

केंद्रीय बैंक के आंकड़ों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थाओं के पास मौजूद भारत के कोष में मिश्रित रुझान देखने को मिला है:-

  • विशेष आहरण अधिकार (SDR):- अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के पास मौजूद विशेष आहरण अधिकार में मामूली बढ़ोतरी दर्ज हुई है। यह 15 लाख डॉलर बढ़कर 18.66 अरब डॉलर हो गया है।
  • आईएमएफ के पास आरक्षित जमा (RTP):- वहीं दूसरी ओर, आईएमएफ के पास रखा भारत का आरक्षित जमा कोष 1.5 करोड़ डॉलर घटकर 4.79 अरब डॉलर रह गया है।

वैश्विक बाजार की परिस्थितियों और अंतरराष्ट्रीय मुद्राओं के विनिमय दर में हो रहे बदलावों के चलते भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में यह उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article