Rahul Gandhi News: कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज दिल्ली में नहीं हैं। पिछले कई दिनों से कांग्रेस पार्टी दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, वोटचोरी के मुद्दे पर बड़ा प्रदर्शन कर रही है। खुद राहुल गांधी मैदान में उतरकर इसका नेतृत्व कर रहे थे, लेकिन आज कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के दिन राहुल गांधी दिल्ली में नहीं हैं। राहुल गांधी आज सुबह ही IGI एयरपोर्ट पहुंचे जहां से उन्होंने फ्लाइट ली।
आज कहां हैं राहुल गांधी?
राहुल गांधी आज दिल्ली से चेन्नई निकल गए हैं। राहुल गांधी चेन्नई में आज अपने छात्रों की गूंज कार्यक्रम में शामिल होंगे। राहुल गांधी शनिवार को छात्रों के साथ इस विशेष संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए चेन्नई के आईलैंड ग्राउंड्स पहुंच रहे हैं। तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी (TNCC) के अनुसार, इस कार्यक्रम में क्यूआर कोड के जरिए पंजीकरण कराने वाले 10,000 से 20,000 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे।
राहुल गांधी का आज का कार्यक्रम
- राहुल गांधी दोपहर 12:45 बजे नई दिल्ली से चेन्नई हवाई अड्डे के डोमेस्टिक टर्मिनल-4 पहुंचेंगे, जहां राज्य के कांग्रेस नेता उनका स्वागत करेंगे।
- इसके बाद वे कार से गिंडी स्थित एक सितारा होटल जाएंगे और शाम को आईलैंड ग्राउंड्स के लिए रवाना होंगे।
- कार्यक्रम के समापन के बाद राहुल गांधी रात लगभग 8:30 बजे हवाई अड्डे लौटेंगे और रात 9:40 बजे की फ्लाइट से दिल्ली वापस लौट जाएंगे।
छात्रों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर संवाद
पार्टी नेतृत्व के अनुसार, यह पूरी तरह से एक संवादात्मक सत्र होगा। इसमें राहुल गांधी नीट (NEET), पेपर लीक, बेरोजगारी, महिला एवं बालिका शिक्षा और केंद्र सरकार की नई शिक्षा नीति जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर छात्रों से चर्चा करेंगे। दिल्ली में जारी विरोध प्रदर्शनों के बावजूद, पहले से तय कार्यक्रम के कारण राहुल गांधी इस कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं।
राहुल गांधी छात्रों की गूंज कहां-कहां कर चुके हैं?
राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम राजस्थान के कोटा, उत्तराखंड के देहरादून, उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, महाराष्ट्र के पुणे और मध्य प्रदेश के इंदौर में आयोजित हो चुका है। इन कार्यक्रमों के जरिए राहुल गांधी ने छात्रों से संवाद किया और शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं, भर्ती प्रक्रिया और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी राय सुनी।
