शहर

ग्रामीणों के श्रमदान के बाद जागी सरकार, CM धामी ने 3 महीने में सड़क बनाने के दिए निर्देश

चमोली के सकंद गांव में सड़क सुविधा नहीं मिलने पर ग्रामीणों के श्रमदान के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को तीन महीने में सड़क निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।

Image

उत्तराखंड सीएम पुष्कर सिंह धामी (File image)

Photo : PTI

Uttarakhand News: उत्तराखंड के चमोली जिले के सकंद गांव में रोड कनेक्टिविटी न होने के कारण ग्रामीणों ने खुद आगे आकर श्रमदान किया था। इस मामले का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि अगले तीन महीने के अंदर गांव में सड़क निर्माण का काम पूरा किया जाए।

ग्रामीणों ने खुद उठाया सड़क निर्माण का बीड़ा

चमोली के दूरदराज स्थित सकंद गांव में लंबे समय से पक्की सड़क न होने के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। मूलभूत सुविधाओं से जूझ रहे स्थानीय लोगों ने जब खुद ही श्रमदान करके रास्ता बनाने का जिम्मा उठाया, तो यह मामला मुख्यमंत्री तक पहुंचा। ग्रामीणों की इस परेशानी को गंभीरता से लेते हुए सीएम धामी ने सड़क निर्माण से जुड़े सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया।

राजस्व, वन और PWD की टीम पहुंची गांव

मुख्यमंत्री के निर्देश के तुरंत बाद, बुधवार को ही राजस्व, वन विभाग और लोक निर्माण विभाग (PWD) की एक संयुक्त टीम सकंद गांव पहुंची। जहां टीम ने प्रस्तावित सड़क स्थल का निरीक्षण किया और सड़क निर्माण से जुड़ी प्रक्रिया शुरू कर दी।अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया है कि तय किए गए समय के भीतर सड़क निर्माण की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों का विकास और दूरदराज के इलाकों में रहने वाले लोगों को बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराना सरकार की प्राथमिकताओं में से एक है। प्रशासन को संवेदनशीलता और तेजी के साथ काम करना चाहिए ताकि ग्रामीण इलाकों के लोगों को सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी जरूरी सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े।

वहीं, ग्राम प्रधान शिवानी चौधरी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के इस त्वरित और संवेदनशील हस्तक्षेप के लिए उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री तक बात पहुंचने के तुरंत बाद प्रशासन हरकत में आया। जिसके बाद अधिकारियों की टीम ने गांव का दौरा कर समय पर काम पूरा करने का भरोसा दिलाया है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article