शहर

UP News: बिहार जा रही बस को Purvanchal Expressway पर ट्रक ने पीछे से मारी जोरदार टक्कर, तीन की मौत

UP News: सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गुरुग्राम से बिहार जा रही बस को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जकि 11 यात्री घायल बताए जा रहे हैं।

Image

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा

UP News: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में Purvanchal Expressway पर आज यानी गुरुवार 27 अगस्त की सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। पुलिस को घटना के बारे में सुबह लगभग 5.50 बजे जानकारी मिली। यह सड़क हादसा बल्दीराय थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 96 के पास हुआ। NCR के प्रमुख शहर गुरुग्राम से बिहार जा रही सवारियों से भरी बस को पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बस सवार तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हुए हैं। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताया है।

घटनास्थल पर पहुंचा प्रशासन

जैसे ही ट्रक ने बस को जोरदार मारी, बस में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री बस के अंदर फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। एसडीएम प्रभात सिंह, सीओ बल्दीराय आशुतोष कुमार और थानाध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए।

गंभीर रूप से घायलों को दूसरे अस्पातलों में भेजा गया

पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बल्दीराय पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पतालों में भेजे जाने की प्रक्रिया शुरू की गई।

मृतकों की पहचान

अस्पताल में डॉक्टरों ने तीन यात्रियों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान श्याम लाल मंडल (28), विनोद मंडल पुत्र खुशन मंडल निवासी जलदार कॉम्प्लेक्स, तेनपुरी झुंडसा, गुरुग्राम, हरियाणा और किरन देवी (46), पत्नी माहेश्वरी मंडल, निवासी लक्ष्मीपुर, थाना कुमारखंड, जिला मधेपुरा, बिहार के रूप में हुई है।

पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश में है कि दुर्घटना के समय ट्रक की रफ्तार कितनी थी और टक्कर किन परिस्थितियों में हुई। प्रशासन की ओर से घायलों के इलाज और जरूरी सहायता की व्यवस्था की जा रही है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article