देश

चीन की मदद से सुधर रही पाक की स्पेस क्षमता, CDS एनएस राज बोले- भारत इस चुनौती से निपटने के लिए तैयार

CDS Gen Raja Subramani: चीन और पाकिस्तान अपने राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ मना रहे हैं और इस मिशन को दोनों के 'ऑल-वेदर' दोस्ती का सबसे बड़ा प्रतीक माना जा रहा है।

Image

सीडीएस एनएस राजा (फोटो साभार- ANI)

CDS Gen Raja Subramani: भारत के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एन एस राजा सुब्रमणि ने पाकिस्तान की बढ़ती अंतरिक्ष क्षमता को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने साफ कहा है कि चीन की मदद से पाकिस्तान की स्पेस क्षमता तेजी से सुधर रही है और भारत को इस नए खतरे को अपने सुरक्षा कैलकुलस में शामिल करना होगा। सीडीएस का यह बयान ऐसे समय आया है, जब चीन ने अपने शेनझोउ-24 क्रू स्पेसशिप का सफल प्रक्षेपण किया है। इस मिशन में तीन अंतरिक्ष यात्री गए हैं, जिनमें पाकिस्तान के मोहम्मद जीशान अली भी शामिल हैं।

चीन के पास मौजूद 'पोजिशनल नेविगेशन'

अली चीन के मानवयुक्त अंतरिक्ष कार्यक्रम में भाग लेने वाले पहले विदेशी नागरिक बन गए हैं। चीन और पाकिस्तान अपने राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ मना रहे हैं और इस मिशन को दोनों के 'ऑल-वेदर' दोस्ती का सबसे बड़ा प्रतीक माना जा रहा है। शुक्रवार को नई दिल्ली में 'युद्ध का भविष्य और मल्टी-डोमेन ऑपरेशन के लिए भारत की तैयारी' विषय पर आयोजित सेमिनार में सीडीएस ने यह बात कही। कार्यक्रम में पूर्व सीडीएस जनरल अनिल चौहान भी मौजूद थे, जिन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सेना का नेतृत्व किया था।

सीडीएस ने कहा, "पाकिस्तान की स्पेस क्षमता चीनी मदद से सुधर रही है। पाकिस्तान की राष्ट्रीय अंतरिक्ष एजेंसी SUPARCO भी अपनी क्षमता विकसित करने में लगी है। हमें यह मानकर चलना होगा कि उसे तुर्की की भी मदद मिलेगी।" उन्होंने चेतावनी दी कि चीन के पास ISR यानी इंटेलिजेंस, सर्विलांस और रीकॉनिसेंस, पोजिशनल नेविगेशन और टाइमिंग की जो भी क्षमताएं हैं, वे अब पाकिस्तान को भी उपलब्ध होंगी। इससे पाकिस्तान की निगरानी क्षमता पहले से कहीं बेहतर हो जाएगी। युद्ध के समय यह भारत के लिए बड़ी चुनौती बन सकती है।

टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- चंद्रबाबू नायडू ने भी परिसीमन बिल का किया समर्थन

'भारत इस चुनौती से निपटने के लिए तैयार'

हालांकि, सीडीएस ने यह भी कहा कि भारत इस चुनौती से निपटने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि जब स्पेस-बेस्ड सर्विलांस-3 (SBS-3) कार्यक्रम चालू हो जाएगा, तो भारत की क्षमता में काफी इजाफा होगा। भारत ज्यादा से ज्यादा सैटेलाइट बनाने और लॉन्च करने पर काम कर रहा है। इसमें प्राइवेट सेक्टर और स्टार्टअप की भी मदद ली जा रही है। सीडीएस ने कहा कि आज का युद्ध सिर्फ जमीन, हवा और समुद्र तक सीमित नहीं है। अंतरिक्ष और साइबर भी युद्ध का मैदान बन चुके हैं। मल्टी-डोमेन ऑपरेशन के लिए मिलिट्री-स्पेस आर्किटेक्चर का एकीकरण और तेज संचार सबसे जरूरी है। उन्होंने कहा कि तकनीक में बढ़त हमेशा के लिए नहीं रहती, वह सिर्फ अस्थायी होती है। इसलिए भारत को लगातार अपनी क्षमताओं में सुधार करते रहना होगा, तभी भविष्य के युद्धों के लिए तैयार रहा जा सकेगा।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article