शहर

कोटा में हॉस्टल की चौथी मंजिल से गिरकर NEET अभ्यर्थी की मौत, जांच में जुटी पुलिस, नहीं मिला कोई सुसाइड नोट

Kota NEET Aspirant Death: अमन मीणा जवाहर नगर थाना क्षेत्र के एक छात्रावास में अपने दोस्तों से मिलने गया था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान वह छात्रावास की चौथी मंजिल से नीचे गिर गया। उसे तुरंत न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

Image

प्रतीकात्मक तस्वीर (फोटो साभार- AI)

Kota NEET Aspirant Death: राजस्थान के कोटा में शुक्रवार सुबह एक हॉस्टल की चौथी मंजिल से गिरने के कारण NEET प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे 22 वर्षीय अभ्यर्थी की मौत हो गई। पुलिस ने इस घटना की जानकारी दी। घटना के बाद से कोटा के कोचिंग छात्रों और उनके परिजनों में शोक और चिंता का माहौल है। मृतक छात्र की पहचान कोटा जिले के इटावा क्षेत्र निवासी अमन मीणा के रूप में हुई है, जो पिछले लगभग दो सालों से कोटा में रहकर NEET की तैयारी कर रहा था।

पुलिस को नहीं मिला कोई सुसाइड नोट

पुलिस के मुताबिक, अमन शुक्रवार तड़के जवाहर नगर थाना क्षेत्र के एक छात्रावास में अपने दोस्तों से मिलने गया था। इसी दौरान वह कथित तौर पर छात्रावास की चौथी मंजिल से गिर गया। पुलिसकर्मी रामसागर ने संवाददाताओं से कहा कि उसे गंभीर चोटें आईं। उसे तत्काल न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आत्महत्या की आशंका से इनकार नहीं किया है, हालांकि उसका कहना है कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया था। बाद में परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया।

परिजनों को सौंपा गया शव

जवाहर नगर थाना के सर्किल इंस्पेक्टर मुकेश मीणा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। अभी यह जांच के जरिए पता लगाया जा रहा है कि यह मौत आत्महत्या थी या दुर्घटनावश गिरने से हुई। अधिकारी ने बताया कि पुलिस अभी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मीणा वर्तमान में कहां रह रहा था और वह NEET की तैयारी के लिए ऑनलाइन या ऑफलाइन किस माध्यम से कोचिंग कक्षाएं ले रहा था। पुलिस दोस्तों और हॉस्टल में मौजूद अन्य छात्रों से भी पूछताछ कर रही है।

पढ़ाई में काफी अच्छा था अमन

मीणा के चचेरे भाई सोनू ने बताया कि वह पढ़ाई में अच्छा था और पहले इसी छात्रावास में रहता था, जहां यह घटना हुई। सोनू ने बताया कि उसे उसके चाचा का फोन आया था, जिसके बाद वह अस्पताल पहुंचा। कोटा में NEET और JEE की तैयारी करने वाले छात्रों के बीच तनाव और दबाव का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article