समाजवादी पार्टी आज 26 नवंबर को 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अपना पहला घोषणापत्र जारी करने जा रही है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इस पहले दस्तावेज में युवा, शिक्षा, सामाजिक न्याय और दलितों से जुड़े मुद्दे, कानून-व्यवस्था, कृषि व किसान, उद्योग और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र केंद्र में रहेंगे। इसके बाद महिलाओं पर केंद्रित दूसरा घोषणापत्र लाया जाएगा।21 नवंबर को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा था कि पार्टी 'घोषणापत्र एक', 'घोषणापत्र दो' और जिला स्तर पर अलग घोषणापत्र लेकर आएगी।
कई महीनों के परामर्श और 'विजन इंडिया' से तैयार ब्लूप्रिंट
घोषणापत्र तैयार करने में शामिल पार्टी सूत्रों ने पीटीआई को बताया कि यह दस्तावेज केवल राजनीतिक प्रतिबद्धताओं के बजाय प्रदेश की बदलती आर्थिक हकीकत और आकांक्षाओं को दर्शाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। एक सूत्र के अनुसार, पीडीए राजनीतिक ढांचा है, लेकिन घोषणापत्र को यह जवाब देना होगा कि लोग अपने जीवन से क्या चाहते हैं—शिक्षा, रोजगार, आय, सुरक्षा और अवसर।
यह ब्लूप्रिंट कई महीनों के परामर्श और शोध के बाद तैयार किया गया है और इसमें 2022 के घोषणापत्र को आगे बढ़ाते हुए पिछले पांच वर्षों में उभरे घटनाक्रमों और चुनौतियों को जोड़ा गया है। इसके लिए युवाओं, किसानों, महिलाओं, उद्योग प्रतिनिधियों, निवेशकों, बुद्धिजीवियों और वंचित समुदायों से सुझाव लिए गए हैं। वकीलों, पूर्व सैनिकों और मीडियाकर्मियों के लिए भी विशेष कल्याणकारी प्रस्ताव शामिल होने की उम्मीद है। अखिलेश यादव की 'विजन इंडिया' पहल जिसके तहत उन्होंने यूपी के अंदर और बाहर, बेंगलुरु सहित युवाओं, निवेशकों और उद्योग जगत से संवाद किया था, इस प्रक्रिया में योगदान दिया है।
कृषि और अर्थव्यवस्था
कर्ज माफी, 100 प्रतिशत मुफ्त बिजली, सिंचाई के लिए नहर का पानी, फसल बीमा, सुनिश्चित न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) और गन्ना किसानों को समय पर भुगतान जैसे प्रस्ताव आर्थिक व रोजगार एजेंडे का हिस्सा हो सकते हैं।
जाति जनगणना और पीडीए
सरकार बनने के तीन महीने के भीतर राज्यव्यापी जाति आधारित जनगणना कराने का वादा शामिल हो सकता है, ताकि आनुपातिक प्रतिनिधित्व और आरक्षण का लाभ सुनिश्चित किया जा सके। पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) आधारित सामाजिक न्याय इसका अहम हिस्सा रहेगा।
पेंशन, लैपटॉप और अन्य प्रस्ताव
2005 के बाद सेवा में आए राज्य कर्मचारियों और शिक्षकों के लिए पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली और 12वीं पास छात्रों को मुफ्त लैपटॉप वितरण योजना फिर शुरू करने पर विचार हो रहा है। पहले अखिलेश यादव 300 यूनिट मुफ्त घरेलू बिजली, बिना पात्रता कार्ड गरीबों को मुफ्त इलाज और स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता का प्रस्ताव भी रख चुके हैं।
पिछली बार से अलग चरणबद्ध रणनीति
- 2027 के चुनाव से काफी पहले घोषणापत्र प्रक्रिया शुरू करना सपा के पिछले दो विधानसभा चुनावों के तरीके से अलग है।
- 2017: 11 फरवरी को मतदान शुरू होने से 20 दिन पहले, 22 जनवरी को घोषणापत्र जारी किया गया था।
- 2022: 10 फरवरी को पहले चरण के मतदान से सिर्फ दो दिन पहले, 8 फरवरी को 'समाजवादी वचन पत्र' जारी किया गया था।
एक वरिष्ठ सपा नेता के अनुसार, चरणबद्ध जारी करने का मकसद समाज के विभिन्न वर्गों तक प्रतिबद्धताओं को पहुंचाने, फीडबैक लेने और मतदाताओं तक अधिक केंद्रित संदेश ले जाने के लिए लंबा समय हासिल करना है। दूसरा घोषणापत्र पहले के कुछ हफ्तों बाद महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा, सशक्तिकरण व आर्थिक कल्याण पर केंद्रित होगा। सभी 75 जिलों के लिए अलग-अलग घोषणापत्र जनवरी तक आने की उम्मीद है। 26 नवंबर के घोषणापत्र के विस्तृत दस्तावेज के साथ आम लोगों के लिए इसका संक्षिप्त संस्करण भी रहेगा।
