शहर

Prayagraj News: रक्षाबंधन से पहले मिलावटखोरी का बड़ा खेल! 7400 किलो संदिग्ध मिठाई बरामद

Prayagraj News: रक्षाबंधन से ठीक पहले प्रयागराज में FSDA ने अवैध फैक्ट्री पर छापा मारकर 7400 किलो संदिग्ध मिठाई बरामद की। मिठाई में केमिकल और नकली दूध पाउडर के इस्तेमाल का शक है।

Image

प्रयागराज में 74 क्विंटल मिलावटी मिठाई नष्ट की गई

Prayagraj News: रक्षाबंधन से ठीक पहले उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में मिलावटखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। गंगापार के सोरांव इलाके में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) की टीम ने एक अवैध मिठाई कारखाने पर छापा मारकर लगभघ 74 क्विंटल संदिग्ध मिठाइयां बरामद की हैं। इतनी बड़ी मात्रा में मिठाई मिलने के बाद विभाग को आशंका है कि इसे त्योहार के दौरान बाजार में खपाने की तैयारी थी।

कार्रवाई के दौरान बरामद की गई मिठाइयों को टीम ने मौके पर ही नष्ट करा दिया। अधिकारियों के मुताबिक, मिठाइयों को तैयार करने में केमिकल और नकली दूध पाउडर का इस्तेमाल किया गया था। हालांकि, सामग्री में इस्तेमाल पदार्थों की वास्तविक प्रकृति और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

74 क्विंटल मिठाई से हड़कंप

सोरांव में हुई इस कार्रवाई के बाद खाद्य विभाग ने मामले में कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। विभाग की तरफ से पुलिस को शिकायत दी गई है और मामले में FIR दर्ज कराने की तैयारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में दोष साबित होने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

खास बात यह है कि ये कार्रवाई रक्षाबंधन जैसे बड़े त्योहार से ठीक पहले हुई है। त्योहारों के दौरान मिठाइयों की मांग बढ़ने का फायदा उठाकर मिलावटी खाद्य पदार्थ बाजार में पहुंचने की आशंका रहती है। इसी को देखते हुए खाद्य विभाग ने जिले में निगरानी बढ़ा दी है।

मिठाई दुकानों से लिए जा रहे सैंपल

FSDA की टीमें प्रयागराज शहर और आसपास के इलाकों में मिठाई की दुकानों पर भी छापेमारी कर रही हैं। इस दौरान संदिग्ध मावा, मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जा रहे हैं। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।

खाद्य विभाग के मुताबिक, जांत रिपोर्ट आने के बाद यह साफ होगा कि नमूनों में किसी प्रतिबंधित या मिलावटी पदार्थ की मौजूदगी है या नहीं। विभाग ने त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर निगरानी जारी रखने की बात कही है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article