UPPSC APO Prelims 2025: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की सहायक अभियोजन अधिकारी (APO) प्रारंभिक परीक्षा 2025 को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट (Allahabad High Court) ने एक बड़ा और अहम फैसला सुनाया है। अदालत ने आयोग द्वारा घोषित प्रारंभिक परीक्षा के रिजल्ट को रद्द करते हुए नए सिरे से मेरिट लिस्ट बनाने का निर्देश दिया है। बता दें कि इस मामले की शुरुआत आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थी को सामान्य सूची में शामिल न करने के कारण हुई थी। परीक्षा के रिजल्ट को रद्द करते हुए कोर्ट ने स्पष्ट किया कि अनारक्षित श्रेणी सभी वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए खुली है और इसे केवल गैर-आरक्षित उम्मीदवारों तक सीमित नहीं किया जा सकता।
क्या है मामला
यह मामला मुख्य रूप से ओपन मेरिट का है। इसकी सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं का तर्क था कि आरक्षित वर्ग यानी एससी, एसटी, ओबीसी के जो उम्मीदवार बिना किसी अतिरिक्त छूट के सामान्य वर्ग की कटऑफ के बराबर या उससे अधिक अंक लाते हैं, उन्हें प्रीलिम्स चरण से ही सामान्य/अनारक्षित श्रेणी में रखा जाना चाहिए, केवल अंतिम चयन में नहीं। इस मामले ने आयोग की व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। इस विवाद के चलते माना जा रहा है कि अनारक्षित कोटे को केवल उन उम्मीदवारों तक सीमित कर दिया था, जिन्होंने आरक्षण का दावा नहीं किया था।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - BoB में 837 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि आज
321 OBC और 43 SC अभ्यर्थियों को सामान्य श्रेणी में न मिलने का मामला
हाई कोर्ट में मामले की सुनवाई में यूपीपीएससी ने माना कि 321 ओबीसी और 43 एससी उम्मीदवारों ने अंतिम चयनित सामान्य अभ्यर्थी से ज्यादा अंक प्राप्त किए थे, लेकिन उन्हें अपनी आरक्षित श्रेणी में ही रखा गया था। तर्क है कि इससे अन्य अभ्यार्थियों पर असर हुआ है, क्योंकि इस प्रक्रिया के चलते नीचे के अन्य आरक्षित अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के लिए पात्र नहीं हो सके।
अदालत की अहम टिप्पणियां और निर्देश
हाईकोर्ट ने कहा कि अनारक्षित वर्ग किसी एक समूह के लिए सुरक्षित नहीं है, बल्कि सभी के लिए खुला है। अधिक अंक लाने वाले आरक्षित अभ्यर्थी को सामान्य श्रेणी में रखना समानता के सिद्धांत के अनुरूप है। अदालत ने आयोग के विवादित ज्ञाप को खारिज करते हुए कहा कि आरक्षण नीति बनाने का अधिकार राज्य सरकार का है, आयोग का नहीं। यह सिद्धांत प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार—तीनों चरणों पर लागू होगा, न कि किसी एक चरण पर। इसके साथ ही कोर्ट ने परीक्षा में शामिल होने के बाद आपत्ति न उठाने और पक्षकार न बनाने से जुड़ी आयोग की दलीलों को अस्वीकार कर दिया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Haryana TET 2026 के लिए 27 नवंबर तक पूरा करें आवेदन
अब रिजल्ट का क्या होगा
कोर्ट द्वारा यूपीपीएससी एपीओ रिजल्ट को रद्द किए जाने के बाद, अभ्यर्थियों के मन में केवल एक ही सवाल है कि अब क्या होगा? आगे की प्रक्रिया क्या होगी? क्या दोबारा होगी मुख्य परीक्षा?
कोर्ट ने परीक्षा के रिजल्ट को रद्द करने हुए मेरिट लिस्ट को नए सिरे से तैयार करने के आदेश दिए हैं। इसका अर्थ यह है कि आयोग द्वारा एक बार फिर प्रीलिम्स रिजल्ट की घोषणा की जाएगी। नई मेरिट लिस्ट के आधार पर दोबारा से मुख्य परीक्षा का आयोजन किया जाएगा और भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। इस दौरान अभ्यार्थी परेशान हो की बजाए परीक्षा की तैयारी करते रहें और सोशल मीडिया की अफवाहों से दूर रहें।
